Nirbhik Nazar

बिहार चुनाव को लेकर उत्तराखंड सीएम ने किया बड़ा दावा, CM ने कहा – बिहार की जनता एक बार फिर डबल इंजन की सरकार बनाएगी

रामनगर (उत्तराखंड): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गुरुवार को नैनीताल जिले के दौरे पर रहे. रामनगर पहुंचने पर उन्होंने मीडिया से बातचीत में बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि बिहार की जनता एक बार फिर डबल इंजन की सरकार बनाएगी. पिछले 11 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में जिस तेजी से विकास कार्य हुए हैं, उसी का परिणाम है कि हर राज्य में जनता भाजपा और एनडीए गठबंधन को प्राथमिकता दे रही है.

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में अभूतपूर्व विकास हुआ है. सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और हवाई सेवाओं के क्षेत्र में ऐतिहासिक काम हुए हैं. बिहार की जनता अब जंगलराज से पूरी तरह छुटकारा पा चुकी है और अब सुशासन और विकास को ही आगे बढ़ाना चाहती है.

उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकारें तेजी से काम कर रही हैं और यही कारण है कि देशभर के लोग विकास और सुशासन के लिए भाजपा की सरकारों पर भरोसा जता रहे हैं. बिहार के युवा, रोजगार और बेहतर भविष्य की उम्मीद में है और यह तभी संभव है जब राज्य में एनडीए की सरकार बने. उन्होंने विश्वास जताया कि बिहार में इस बार भी बड़े बहुमत से एनडीए की सरकार प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बनेगी.

उत्तराखंड राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह राज्य के लिए गर्व का क्षण है. हम हर उत्तराखंडवासी की जरूरतों को पूरा करने के लिए संकल्पबद्ध हैं. पिछले 25 वर्षों में राज्य ने अनेक उपलब्धियां हासिल की हैं और आने वाले 25 वर्ष उत्तराखंड के लिए स्वर्णिम दशक साबित होंगे.

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और प्रेरणा से उत्तराखंड अगले दशक में अभूतपूर्व विकास की दिशा में आगे बढ़ेगा और यह दशक उत्तराखंड का दशक होगा. उन्होंने सभी राज्यवासियों से एकजुट होकर राज्य को समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकसित बनाने का आह्वान किया.

बता दें कि इससे पहले सीएम धामी ने हल्द्वानी में पूर्व सैनिक सम्मान कार्यक्रम में शिरकत की. जहां उन्होंने पूर्व सैनिकों के लिए बड़ी घोषणाएं की. उन्होंने भूतपूर्व सैनिकों के दाह संस्कार के लिए 10 हजार रुपए की सहायता राशि देने का भी ऐलान किया.

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News