Nirbhik Nazar

रजत जयंती उत्सव पर यूकाडा ने ड्रोन लाइट से आसमान में बनाईं उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक आकृतियां, मंत्रमुग्ध हुए दर्शक

देहरादून: उत्तराखंड की स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर सोमवार को देहरादून में एक भव्य ड्रोन लाइट शो का आयोजन किया गया जिससे रात के अंधेरे में आकाश रोशन हो उठा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर ‘उत्तराखंड सिविल एविएशन डेवलपमेंट अथॉरिटी’ (यूकाडा) द्वारा आयोजित इस शो में 300 से अधिक ड्रोन ने आकाश में दर्जनों आकर्षक कलाकृतियां बनाकर वातावरण को आलोकित कर दिया ।

इस शो के जरिए प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक पहचान और प्राकृतिक सौंदर्य को प्रदर्शित किया गया । शो की शुरुआत उत्तराखंड को समर्पित एक दृश्य से हुई जिसमें भगवान शिव की जटाओं से मां गंगा के अवतरण को खूबसूरती से दर्शाया गया। इसके बाद “उत्तराखंड राज्य स्थापना के 25 वर्ष”, “ॐ गैलेक्सी”, “त्रिशूल और डमरू” तथा केदारनाथ और बदरीनाथ धाम के भव्य दृश्यों को आकाश में प्रस्तुत किया गया।

ड्रोन ने कलात्मक रूप से राज्य पक्षी हिमालयन मोनाल, पारंपरिक छोलिया नृत्य, उत्तराखंड के लोक वाद्य यंत्र, कुमाऊंनी पारंपरिक पोशाक में एक पुरुष आकृति का दृश्य निर्मित किया। शो का समापन हेलीकॉप्टर एविएशन और उत्तराखंड सिविल एविएशन का प्रतीक चिह्न प्रदर्शित करते हुए किया गया जो राज्य की प्रगति, पहुंच और नई उड़ान का प्रतीक बना। इस अद्भुत कार्यक्रम में ‘मेक इन इंडिया’ के तहत निर्मित 300-400 ड्रोन शामिल हुए ।

इस बारे में यूकाडा के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी एस.एस. टोलिया ने कहा कि उत्तराखंड केवल दिव्यता और प्राकृतिक सौंदर्य की भूमि ही नहीं, बल्कि नवाचार और प्रगति की भूमि भी है। उन्होंने कहा, ‘‘ यह ड्रोन लाइट शो हमारे रचनात्मक पर्यटन अनुभवों के एक नए युग की शुरुआत करता है। आज जब हम राज्य के 25 वर्षों का उत्सव मना रहे हैं, तब हम परंपरा और तकनीक को साथ लेकर भविष्य की ओर अग्रसर हो रहे हैं।’’

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News