Skip to main content

Nirbhik Nazar

लद्दाख मॉडल पर उत्तराखंड में शुरू होगा स्नो लेपर्ड टूर, हेली स्कीइंग पर भी होगा काम, जानिये प्लानिंग

देहरादून: उत्तराखंड में शीतकालीन यात्रा को प्रोत्साहित करने के लिए स्नो लेपर्ड साइटिंग, हेली-स्कीइंग और हिमालयन कार रैली को तत्काल शुरू करने के निर्देश सीएम ने दिए हैं. सीएम ने आगामी 20 दिसंबर तक शीतकालीन यात्रा के दृष्टिगत केएमवीएन एवं जीएमवीएन की सभी व्यवस्थाओं और सुविधाओं को दुरुस्त करने और होटल मालिकों के साथ बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए हैं.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार देर रात को मुख्यमंत्री आवास में शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के संबंध में शासन के वरिष्ठ अधिकारियों और सभी जिलों के जिलाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. बैठक के दौरान सीएम ने बागेश्वर में सरयू कॉरिडोर के विकास के निर्देश दिए. साथ ही उन्होंने गंगोत्री की तर्ज पर सरयू नदी के उद्गम स्थल पर धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थल विकसित करने के निर्देश भी दिए. बागेश्वर में ट्राउट मछली, कीवी और लाल चावल के उत्पादन की व्यापक संभावनाओं को देखते हुए इनके प्रोत्साहन करने पर गंभीरता से कम करने के निर्देश दिए. राज्य सरकार, निजी संस्थानों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के संयुक्त प्रयास से एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का भव्य योग महोत्सव आयोजित करे.

सीएम धामी ने निर्देश दिए कि राज्य में पर्यटन स्थलों के विकास से संबंधित कार्य योजनाओं में पर्यटकों, टूर ऑपरेटर्स, होटल व्यवसायियों एवं अन्य हितधारकों का फीडबैक शामिल किया जाये. जिससे पर्यटकों की जरूरतों के अनुसार सुविधाओं का विकास किया जा सके. बैठक में मुख्यमंत्री ने पौड़ी के पैठाणी स्थित राहु मंदिर और लाखामंडल मंदिर के सौंदर्यीकरण की कार्ययोजना को जल्द और प्रभावी रूप से धरातल पर उतारने के निर्देश दिए. साथ ही देवप्रयाग समेत राज्य के तमाम प्रयागों एवं घाटों में आयोजित आरती का संज्ञान लिया.

सीएम धामी ने वन डिस्ट्रिक्ट- वन फेस्टिवल के तहत राज्य के सभी जिलों में एक-एक भव्य महोत्सव आयोजित करने के निर्देश दिए.बैठक में सचिव पर्यटन ने जानकारी दी कि सीएम के निर्देश पर उत्तराखंड में शीतकालीन पर्यटन को नई दिशा देने के लिए राज्य सरकार लद्दाख मॉडल पर स्नो लेपर्ड टूर शुरू करने जा रही है. इसके तहत शीतकाल में गंगोत्री जैसे उच्च हिमालयी क्षेत्रों को नियंत्रित रूप से पर्यटकों के लिए खोला जाएगा. उत्तरकाशी स्थित गंगोत्री राष्ट्रीय उद्यान में प्रायोगिक तौर पर हिम तेंदुआ पर्यटन संचालित किया जाएगा. इस पहल का उद्देश्य शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित करना है. स्नो लेपर्ड टूर से होमस्टे, स्थानीय गाइड, साहसिक पर्यटन एवं अन्य गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा. जिससे सीमांत क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी.

सचिव पर्यटन ने कहा कि शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राज्य में शीतकालीन चारधाम यात्रा, साहसिक पर्यटन, सांस्कृतिक उत्सव और वन्यजीव पर्यटन से संबंधित एक व्यापक कार्ययोजना लागू की जा रही है. जिसके तहत देश के प्रमुख शहरों में रोड शो, डिजिटल एवं प्रिंट मीडिया अभियान, गद्दी स्थलों से सायंकालीन आरती का लाइव प्रसारण, विशेष टूर पैकेज और शीतकाल में होटल-रिसॉर्ट्स को शुल्क में रियायत जैसे प्रस्ताव शामिल हैं.

कार्ययोजना के तहत औली, खलिया टॉप, बेदनीधार सहित विभिन्न क्षेत्रों में स्कीइंग, ट्रेकिंग, पैराग्लाइडिंग और रैपलिंग जैसे साहसिक आयोजन किए जाएंगे. मसूरी, नैनीताल एवं उत्तरकाशी में विंटर कार्निवाल, ऋषिकेश में अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव और जिम कॉर्बेट, नंधौर एवं गंगोत्री क्षेत्र में वन्यजीव एवं स्नो लेपर्ड पर्यटन गतिविधियां आयोजित की जाएंगी.

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News