Skip to main content

Nirbhik Nazar

सख्त कानूनों से सुरक्षित रहेगी देवभूमि, लव जिहाद और धर्मांतरण बर्दाश्त नहीं –धामी

नोएडा। देवभूमि को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाना चाहते हैं। इसके लिए किसी भी स्तर पर समझौता नहीं करेंगे। यह बात उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नोएडा स्टेडियम में चल रहे महाकौथिग में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कही।

सीएम धामी ने प्रदेश के समग्र विकास, सुरक्षा और सांस्कृतिक संरक्षण पर अपने संकल्प को दोहराया। धामी ने बताया कि अमृत, ऑल वेदर रोड और उड़ान परियोजनाओं के माध्यम से प्रदेश के बुनियादी ढांचे का लगभग 70 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।

पहले चरण के काम पूरा होने के बाद रेल सेवा का ट्रायल शुरू होगा, जो पहाड़ों तक रेल पहुंचाने का उनके लंबे समय से पुराना सपना साकार करेगा। उन्होंने स्थानीय अर्थव्यवस्था और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उल्लेख किया। प्रदेश की महिलाओं को विशेष पहचान देने वाले कार्यक्रमों, एप्पल मिशन, और विभिन्न नीति-निर्माण पहलों का भी जिक्र किया।

लव जिहाद और धर्मांतरण पर सख्त है सरकार

धामी ने कहा कि यह उपलब्धियां केवल विकास की नहीं, बल्कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक और डेमोग्राफिक सुरक्षा की दिशा में भी महत्वपूर्ण हैं। देवभूमि पर किसी भी तरह की अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। धर्मांतरण, लव जिहाद और हिंसा फैलाने वाली सोच को प्रदेश में कोई स्थान नहीं मिलेगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने इसके लिए सख्त कानून बनाए हैं, जैसे धर्मांतरण कानून आदि और बिना किसी दबाव के उन पर कार्रवाई भी की जा रही है।

सांस्कृतिक संरक्षण में देश का उदाहरण हो

उत्तराखंड में कानून सभी के लिए समान रूप से लागू है। किसी भी कीमत पर राज्य की संस्कृति और कानून व्यवस्था को खतरे में नहीं आने दिया जाएगा। कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें उत्तराखंड की संस्कृति की चिंता नहीं है। केवल वोट बैंक नजर आता है।

कांग्रेस के शासनकाल में ऐसे लोग सुरक्षित रहते थे, जो राज्य की सांस्कृतिक और सामाजिक धरोहर के लिए खतरा बन सकते थे। अब उत्तराखंड की एक इंच जमीन भी किसी गलत मानसिकता वाले हाथ नहीं जाएगी। राज्य सरकार का संकल्प है कि उत्तराखंड एक ऐसा प्रदेश बने, जो विकास, सुरक्षा और सांस्कृतिक संरक्षण में देश का उदाहरण हो।

राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड की उपलब्धियां

मुख्यमंत्री ने गर्व के साथ बताया कि नीति आयोग की वर्ष 2023 की रैंकिंग में उत्तराखंड ने पूरे देश में पहला स्थान हासिल किया। इसके साथ ही, किसानों की आय में वृद्धि के मामले में प्रदेश ने देश भर में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया और सर्वश्रेष्ठ राज्य का राष्ट्रीय पुरस्कार भी जीता। उन्होंने कहा कि यह सभी उपलब्धियां उत्तराखंड के समग्र विकास और सांस्कृतिक संरक्षण का प्रमाण हैं।

कानून और सुरक्षा पर सख्त रुख

धामी ने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड में धर्मांतरण, लव जिहाद और नकल माफियाओं जैसी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा, मेरे रहते हुए उत्तराखंड की एक इंच जमीन भी किसी गलत मानसिकता के हाथ नहीं जाएगी।’ प्रदेश में बनाए गए सख्त कानून सभी के लिए समान रूप से लागू हैं। आपरेशन कालनेमि जैसी पहल के माध्यम से देवभूमि को बदनाम करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।

समान नागरिक संहिता और सामाजिक एकता

धामी ने कहा कि समान नागरिक संहिता उत्तराखंड से पूरे देश को लाभ देने वाली पहल साबित होगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रदेश में किसी भी वर्ग या समुदाय के लोगों के लिए समान कानून लागू हैं, और इसे भविष्य में और मजबूत किया जाएगा।

प्रवासी उत्तराखंडियों से अपील

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के प्रवासी उत्तराखंडियों से अपील की कि वे देवभूमि की संस्कृति और परंपराओं को सुरक्षित रखें। उन्होंने कहा, ‘हमारे पूर्वज देवभूमि के थे और हम चाहते हैं कि उनकी धरोहर सुरक्षित रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News