ऋषिकेश: नगर निगम ऋषिकेश क्षेत्र के अंतर्गत गुमानीवाला में गली नंबर आठ स्थित एक घर में परिवार के आठ लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। जिलाधिकारी के आदेश पर इस क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन बनाया गया है। उधर हरिपुर कला स्थित गीता कुटीर में 32 मामले सामने आने के बाद आश्रम क्षेत्र को भी कंटेनमेंट जोन बना दिया गया है।

गुमानीवाला गली नंबर आठ निवासी एक व्यक्ति जालंधर पंजाब से लौटा था। 24 मार्च को यह व्यक्ति घर आया, उसके बाद इन्हें बुखार की शिकायत हुई। जांच कराने पर इनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। स्वास्थ्य विभाग के सुपरवाइजर एसएस यादव ने बताया कि इसके बाद परिवार के 11 व्यक्तियों की जांच की गई। जिनमें आठ पॉजिटिव पाए गए। जिसकी रिपोर्ट उप जिलाधिकारी ऋषिकेश ने जिलाधिकारी को भेजी। जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने आदेश जारी कर गुमानीवाला ऋषिकेश गली नंबर आठ के उक्त क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन बनाने के आदेश जारी किए।