Nirbhik Nazar

कोटद्वार के ‘बाबा’ विवाद में राहुल गांधी की एंट्री, कहा – उत्तराखंड के दीपक भारत के हीरो… तुम बब्बर शेर हो

कोटद्वार। पौड़ी जनपद के कोटद्वार में दुकान के नाम में ‘बाबा’ को लेकर हो रहे विवाद में रविवार को कांग्रेस नेता व नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की एंट्री हो गई। राहुल गांधी ने अपने एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि उत्तराखंड के दीपक भारत के हीरो हैं।
पोस्ट में राहुल गांधी ने लिखा कि दीपक संविधान और इंसानियत के लिए लड़ रहे हैं – उस संविधान के लिए जिसे BJP और संघ परिवार रोज़ रौंदने की साज़िश कर रहे हैं।
उन्होंने आगे लिखा कि वे नफ़रत के बाज़ार में मोहब्बत की दुकान का जीवित प्रतीक हैं और यही बात सत्ता को सबसे ज़्यादा चुभती है।

संघ परिवार जानबूझकर देश में आर्थिक और सामाजिक ज़हर घोल रहा है, ताकि भारत बंटा रहे और कुछ लोग डर के सहारे राज करते रहें। उत्तराखंड की BJP सरकार खुलेआम उन असामाजिक ताक़तों का साथ दे रही है जो आम नागरिकों को डराने और परेशान करने में लगी हैं।

पोस्ट में उन्होंने लिखा कि नफ़रत, डर और अराजकता के माहौल में कोई भी देश आगे नहीं बढ़ सकता। शांति के बिना विकास सिर्फ़ एक जुमला है। हमें और दीपकों की ज़रूरत है – जो झुकें नहीं, जो डरें नहीं, और जो पूरी ताक़त से संविधान के साथ खड़े रहें। हम तुम्हारे साथ हैं भाई। डरो मत। तुम बब्बर शेर हो।

बताते चलें कि शनिवार को बजरंग दल के कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में पटेल मार्ग स्थित एक दुकान के पास एकत्र हुए व प्रदर्शन किया। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर किया, जिसके बाद कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए मालवीय उद्यान की तरफ आ गए।

मालवीय उद्यान में दोनों पक्षों में झगड़े की नौबत आई। लेकिन, पुलिस प्रशासन की मुश्तैदी के चलते झगड़ा होने से बच गया।

बजरंग दल के कार्यकर्ता मालवीय उद्यान के निकट सड़क पर ही बैठ नारेबाजी करने लगे, जिसके बाद उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान व एएसपी चंद्रमोहन सिंह मौके पर पहुंचे और कार्यकर्ताओं को समझा कर वार्ता के लिए मालवीय उद्यान के भीतर ले गए, पर वार्ता सफल नहीं हुई।

कार्यकर्ता बुधवार को मारपीट करने वालों को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। देर शाम पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा कर मामला शांत कर दिया।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News