Nirbhik Nazar

यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने यमकेश्वर में की पूजा, जनता इंटर कॉलेज के भवन का किया लोकार्पण

पौड़ी: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तराखंड दौरे पर हैं. जिसके तहत वे यमकेश्वर पहुंचे. जहां उन्होंने प्राचीन शिव मंदिर पहुंच कर विधिवत पूजा-अर्चना की. इसके बाद वे जनता इंटर कॉलेज यमकेश्वर पहुंचे. यहां उन्होंने नवनिर्मित भवन के लोकार्पण कार्यक्रम किया.

बता दें कि इससे पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हरिद्वार के भारत माता मंदिर के संस्थापक स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि महाराज की समाधि मंदिर के लोकार्पण और विग्रह मूर्ति की स्थापना समारोह में शामिल हुए. इस कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और सीएम धामी भी शामिल हुए.

इसके बाद यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ, सीएम पुष्कर धामी के साथ यमकेश्वर हेलीपैड पहुंचे. जहां दोनों मुख्यमंत्रियों का स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भव्य स्वागत किया. यमकेश्वर पहुंचने के बाद दोनों मुख्यमंत्री प्राचीन शिव मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की.

यमकेश्वर इंटर कॉलेज में सीएम योगी आदित्यनाथ ने पुराने दिनों को याद किया. उन्होंने कहा कि हम बचपन में पैदल ही यमकेश्वर के मेले में आते थे. महादेव के मंदिर पूजा अर्चना करते थे, लेकिन आज यहां पहुंचने के लिए सड़क की सुविधा है. जिससे दर्शन करना सुलभ हो गया है. आज जनता इंटर कॉलेज को नया भवन मिल गया है. हमारे शिक्षा के केंद्र सभ्यता और संस्कृति का भी आधार स्तंभ होते हैं.

योगी आदित्यनाथ के दौरे को लेकर खासा उत्साह: वहीं, यमकेश्वर शिव मंदिर परिसर में दर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रही और स्थानीय लोगों में दोनों मुख्यमंत्रियों के आगमन को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने निजी कार्यक्रम के सिलसिले में क्षेत्र में पहुंचे हैं.

अपने पैतृक गांव जाएंगे सीएम योगी आदित्यनाथ: बताया जा रहा है कि योगी आदित्यनाथ अपने पैतृक गांव पंचूर भी जाएंगे. जहां वे रात्रि विश्राम करेंगे. उनके दौरे को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह है. जबकि, उनके सुरक्षा के मद्देनजर सारी व्यवस्थाएं चाक चौबंद कर ली गई है.

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News