Nirbhik Nazar

सम्पूर्ण विश्व समझ रहा है सनातन धर्म व संस्कृति का महत्त्व – सीएम धामी

देहरादून: सीएम धामी ने कहा कि संपूर्ण विश्व सनातन धर्म और संस्कृति का महत्त्व समझ रहा है। इसे देखते हुए उत्तराखंड सरकार ने दून विश्वविद्यालय में सेंटर फॉर हिंदी स्टडीज की स्थापना की है। इस सेंटर में हिंदू संस्कृति और संस्कृति से जुड़े हुए अनेक पहलुओं पर शिक्षण और शोध कार्य किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज सुरक्षा, सुशासन और विकास के देश में प्रेरणास्रोत हैं। यह क्षेत्रवासियों के लिए गर्व का विषय है कि उन्होंने इसी क्षेत्र में अपना बचपन बिताया, प्रारंभिक शिक्षा ग्रहण की और आज देश के सशक्त नेतृत्वकर्ता के रूप में अपनी पहचान बनाई।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि योगी आदित्यनाथ का जीवन सेवा, त्याग और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण की मिसाल है। उनके कुशल नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में विकास के साथ-साथ कानून-व्यवस्था को मजबूती मिली है। प्रदेश की छवि को नई पहचान मिली है।

उन्होंने कहा कि विद्या मनुष्य का सबसे बड़ा आभूषण है। शिक्षा केवल रोजगार का साधन नहीं, बल्कि संस्कार, चेतना और नैतिक मूल्यों के विकास का सशक्त माध्यम है। सनातन संस्कृति में शिक्षा को जीवन निर्माण का आधार माना गया है।

उन्होंने बताया कि उत्तराखंड सरकार द्वारा पिछले चार वर्षों में 28 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि संस्कारवान, जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिकों का निर्माण होना चाहिए।
सीएम धामी ने कहा कि जीवन में बड़े सपने देखें और उन सपनों को पूरा करने के लिए ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण से काम करें। जिस इंटर कॉलेज व जिस क्षेत्र में योगी जी जैसे महान व्यक्तित्व ने पढ़ाई की हो उन क्षेत्रों के प्रत्येक विद्यालय व प्रत्येक छात्र असाधारण बनने की क्षमता रखता है।
मेधावी छात्रों को किया गया सम्मानित
उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों में कक्षा 6 के नमन रावत, कक्षा 7 के हर्ष चौहान, कक्षा 8 की आरती चौहान, कक्षा 9 के सचिन बडोला, कक्षा 10 की दीपाली, कक्षा 11 के अभिषेक बडोला तथा कक्षा 12 की पल्लवी शामिल हैं।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News