देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हाल में कोटद्वार मामले से चर्चित हुए ‘मोहम्मद दीपक’ का समर्थन करने के लिए कांग्रेस की आलोचना की. उन्होंने शनिवार को कहा कि जिसे जो करना है करे, सब स्वतंत्र हैं. इसमें राजनीति करने जैसा क्या है. कुछ कह रहे हैं कि नाम के आगे मोहम्मद लगा तो अच्छा लगता है. उनके उनके समर्थन में कांग्रेस के युवक आगे-पीछे का बिना देखे कूद पड़ते हैं.
लैंड जिहाद से थूक जिहाद तक सख्ती
मुख्यमंत्री ने चंपावत जिले के टनकपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि उनकी सरकार ने देवभूमि के मूल स्वरूप को बनाए रखने के लिए जबरन धर्मांतरण के खिलाफ कठोर कानून लागू किया है. प्रदेश में ‘लैंड जिहाद, लव जिहाद, थूक जिहाद’ के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने कांग्रेस का नाम लिए बिना उस पर निशाना साधते हुए कहा कि तुष्टीकरण की राजनीति के चक्कर में उसे ऐसे लोग भी अच्छे लगते हैं जो नाम बदलकर भोली-भाली बहन-बेटियों को बहला फुसला कर उनका जीवन नर्क बना देते हैं और उनके भविष्य को अंधकार में डाल देते हैं. उन्होंने कहा कि उसे ऐसी बातों से कोई सरोकार नहीं है.
कांग्रेस पर हमला
उन्होंने आगे कहा कि इस पार्टी को अपने पवित्र हिंदू नामों के आगे ‘मोहम्मद’ लगाने वाले भी अच्छे लगते हैं. राहुल गांधी का जिक्र करते हुए धामी ने कहा कि उनके (मोहम्मद दीपक) समर्थन में कांग्रेस पार्टी के युवराज भी आगे-पीछे का सोचे बिना कूद पड़े और ट्वीट करके पूरी कांग्रेस को एकजुट करने का काम किया.
यह है मामला
सोशल मीडिया पर ‘मोहम्मद दीपक’ के नाम से चर्चित युवक का असली नाम दीपक कुमार कश्यप है. वे उत्तराखंड के कोटद्वार के रहने वाले हैं और पेशे से जिम ट्रेनर हैं. हाल में कोटद्वार में एक समुदाय विशेष के दुकानदार से उनकी दुकान का नाम ‘बाबा’ को बदलने का दवाब डाल रहे बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के विरोध में जिम संचालक दीपक कुमार सामने आए थे. दीपक ने अपना नाम ‘मोहम्मद दीपक’ बताते हुए उन्हें दुकान से हटने को मजबूर कर दिया था. राहुल गांधी ने दीपक की बहादुरी और जज्बे की तारीफ करते हुए सोशल मीडिया पर उन्हें ‘भारत का हीरो’ बताया था. मुख्यमंत्री ने मौजूद लोगों से कहा, ‘आप स्वयं अंदाजा लगा सकते हैं कि ये लोग हमें अपने धर्म से दूर करने के लिए किस तरह एकजुट हो रहे हैं और किस तरह यह पार्टी वही काम कर रही है जो देश की आजादी के बाद लगातार करती रही है.’