Nirbhik Nazar

CM धामी ने की उत्तराखंड अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग की समीक्षा बैठक, अधिकारियों को दिए दोनों मंडलों में ओबीसी कल्याण सामुदायिक भवन बनाने के निर्देश

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय में उत्तराखण्ड अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के कामों की समीक्षा बैठक की. बैठक के दौरान सीएम धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य के दोनों मंडलों गढ़वाल और कुमाऊं में उत्तराखण्ड अन्य पिछड़ा वर्ग कल्याण बहुउद्देशीय भवन/सामुदायिक भवन का निर्माण किया जाए. साथ ही इन भवनों के निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए.

सीएम ने निर्देश दिए कि प्रस्तावित भवनों में बैंकट हॉल, गेस्ट हाउस, सभागार, प्रशिक्षण कक्ष, बैठक कक्ष और अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएं, ताकि तमाम सामाजिक, शैक्षिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों का संचालन किया जा सके. सीएम ने अधिकारियों को बहुउद्देशीय भवन की डीपीआर जल्द तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए. ओबीसी बाहुल्य क्षेत्रों में राज्य सरकार की ओर से संचालित तमाम जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए. इसके साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएं.

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ओबीसी बाहुल्य क्षेत्रों में योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया जाए. इसकी समय समय पर समीक्षा के जरिए प्रगति की निगरानी की जाए. मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि लाभार्थियों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर योजनाओं में आवश्यक सुधार किए जाए. जिससे योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी रूप से आमजन तक पहुंच सके. अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सके.

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार समाज के सभी वर्गों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं. ओबीसी वर्ग के उत्थान के लिए शिक्षा, कौशल विकास, स्वरोजगार एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है.

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News