Nirbhik Nazar

उत्तराखंड के सांसदों ने दिसंबर 2025 तक 18% निधि खर्च की, अजय भट्ट सबसे आगे, बलूनी फिसड्डी, जानें अन्य के हाल

देहरादून: उत्तराखंड के लोकसभा और राज्यसभा के वर्तमान सांसदों की आवंटित सांसद निधि की कुल धनराशि में दिसंबर 2025 तक केवल 18 प्रतिशत धनराशि ही खर्च हुई है. इसमें पूरे हुए कार्य और गतिमान कार्यों पर खर्च धनराशि शामिल है. सांसदों द्वारा प्रस्तावित 232 कार्य अधिकारियों ने स्वीकृत ही नहीं किए हैं तो वहीं स्वीकृत कार्यों में से 87 कार्य दिसंबर 2025 तक शुरू भी नहीं हो पाए हैं, यह खुलासा सांसद निधि के नोडल विभाग ग्राम्य विकास आयुक्त उत्तराखंड कार्यालय द्वारा RTI एक्टिविस्ट एडवोकेट नदीम उद्दीन को उपलब्ध करायी गयी सूचना से हुआ है.

आरटीआई एक्टिविस्ट एडवोकेट नदीम उद्दीन ने बताया कि, उनके द्वारा उत्तराखंड के ग्राम्य विकास आयुक्त कार्यालय से सांसद निधि खर्च संबंधी सूचना मांगी गई थी. जिसके उत्तर में लोक सूचना अधिकारी उपायुक्त प्रशासन हेमंती गुंज्याल ने सांसद निधि खर्च के दिसंबर 2025 के विवरण की प्रति उपलब्ध कराई है. इस सूचना में दिसंबर 2025 के अंत तक उत्तराखंड के लोक सभा और राज्य सभा सांसदों की सांसद निधि खर्च का ब्यौरा दिया है.

आरटीआई जानकारी के मुताबिक, दिसंबर 2025 तक उत्तराखंड के 5 लोकसभा और 3 राज्यसभा यानी कुल 8 सांसदों को 95.90 करोड़ की सांसद निधि आवंटित हुई है. इसमें 49 करोड़ 5 लोकसभा सांसदों को 2024-25 और 2025-26 के लिए जबकि 46.90 करोड़ रुपए 3 राज्यसभा सांसदों को उनके कार्यकार्य के शुरू होने से दिसंबर 2025 तक आवंटित हुई है. उत्तराखंड के सांसदों के वर्तमान कार्यकाल में पूर्ण कार्यों पर कुल 7.08 करोड़ और जारी अधूरे कार्यों पर दिसंबर 2025 तक कुल 10.65 करोड़ रुपए की धनराशि खर्च हुई है, जो कुल आवंटित धनराशि का 18 प्रतिशत है.

इसमें लोकसभा के 5 सांसदों की पूर्ण कार्यों पर 2.089 करोड़ रुपए और अधूरे या फिर गतिमान कार्यों पर 1.191 करोड़ रुपए की धनराशि खर्च दर्शायी गई है, जो कुल आवंटित धनराशि की केवल 7 प्रतिशत है. राज्यसभा के 3 सांसदों की आवंटित निधि में से पूर्ण कार्यों पर खर्च 4.99 करोड़ और चल रहे कार्यों पर 9.46 करोड़ दर्शाया गया है, जो कुल आवंटित निधि का 31 प्रतिशत है.

सांसद निधि खर्च करने में सबसे आगे अजय भट्ट: सांसद निधि खर्च के मामले में लोकसभा सांसदों में सर्वाधिक निधि 18 प्रतिशत खर्च करने वाले नैनीताल-उधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट हैं. दूसरे नंबर पर 14 प्रतिशत सांसद निधि खर्च के साथ टिहरी गढ़वाल सांसद माला राज लक्ष्मी शाह हैं. अन्य तीनों गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी की शून्य, अल्मोड़ा सांसद अजय टम्टा और हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत की दिसंबर 2025 तक सांसद निधि से एक प्रतिशत से कम धनरााशि खर्च दर्शाई गई है.

राज्यसभा सांसदों में सबसे आगे निकले बंसल: राज्यसभा सांसदों में सर्वाधिक सांसद निधि 47 प्रतिशत नरेश बंसल, दूसरे स्थान पर 27 प्रतिशत कल्पना सैनी और तीसरे स्थान पर 6 प्रतिशत महेंद्र भट्ट की दिसंबर 2025 तक खर्च हो सकी है.

अजय भट्ट के सांसद निधि के खर्च से कार्यों का विवरण: नैनीताल उधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट ने दिसबंर 25 तक अपने वर्तमान कार्यकाल में सांसद निधि से कुल 316 कार्य प्रस्तावित किए. जिसमें 229 कार्य अधिकाारियों द्वारा स्वीकृत किए गए हैं. उसमें से 54 कार्य पूर्ण हो चुके हैं और 154 पर कार्य चल रहा है. जबकि 21 कार्य शुरू नहीं हो पाए हैं.

सांसद माला राज लक्ष्मी के 89 कार्य स्वीकृत: टिहरी गढ़वाल सांसद माला राज लक्ष्मी शाह ने 128 कार्य प्रस्तावित किए हैं. जिसमें से 89 कार्य अधिकारियों द्वारा स्वीकृत किए गए हैं. 11 कार्य पूर्ण हो चुके हैं. 64 पर कार्य चल रहा है. जबकि 14 कार्य दिसंबर 2025 तक शुरू नहीं हो पाए थे.

अनिल बलूनी के 4 कार्यों में से 2 स्वीकृत: गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने अपने वर्तमान लोकसभा सांसद कार्यकाल में कुल 4 कार्य प्रस्तावित किए हैं. अधिकारियों द्वारा 2 कार्य स्वीकृत किए हैं. एक कार्य पूरा हो चुका है एक पर कार्य चल रहा दर्शाया गया गया है. जबकि दिसंबर 2025 तक शुरू न होने वाले कार्य शून्य हैं.

केंद्रीय मंत्री टम्टा ने 1 प्रतिशत से कम खर्च किया: अल्मोड़ा सांसद अजय टम्टा के स्वीकृत 4 कार्यों में से 2 कार्य शुरू न होना और 2 कार्य गतिमान दर्शाया गया है. वहीं इस पर कुल निधि के 1 प्रतिशत से भी कम 0.041 करोड़ रुपए खर्च होना दर्शाया गया है.

त्रिवेंद्र की सांसद निधि का केवल एक कार्य हुआ पूरा: हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत के प्रस्तावित 16 कार्यों में से अधिकारियों ने 10 कार्य स्वीकृत किए हैं. जिसमें में 1 कार्य पूरा हुआ है और 5 पर कार्य चल रहा है. जबकि 4 कार्य शुरू नहीं हो पाए हैं. इस पर कुल निधि का 1 प्रतिशत से कम 0.080 करोड़ धनराशि खर्च दर्शाया गया है.

राज्यसभा सांसद नरेश बंसल के कार्यों का ब्योरा: राज्यसभा सांसदों में नरेश बंसल ने 191 कार्य प्रस्तावित किए हैं. जिसमें से 144 कार्य अधिकारियों ने स्वीकृत किए हैं. जिसमें 23 कार्य पूरे हो चुके हैं. 92 कार्य चल रहे हैं और दिसम्बर 2025 तक 29 कार्य शुरू नहीं हो पाए थे.

कल्पना सैनी के सांसद निधि के कार्य: राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी द्वारा प्रस्तावित 121 कार्यों में से 89 कार्य अधिकारियों द्वारा स्वीकृत किए गए हैं. 26 कार्य पूरे हो चुके हैं और 60 पर कार्य गतिमान है. उधर, दिसंबर 2025 तक 3 कार्य प्रारंभ नहीं होना दर्शाया गया है.

महेंद्र भट्ट के सांसद निधि के कार्य: महेंद्र भट्ट द्वारा अपने दिसंबर 2025 तक पूर्व कार्यकाल में 44 कार्य प्रस्तावित किए हैं. जिसमें 23 स्वीकृत हुए हैं. इनमें 2 कार्य पूरे हो चुके हैं और 7 पर कार्य चल रहा है. जबकि 14 कार्य दिसंबर 2025 तक शुरू नहीं हो पाए हैं.

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News