Nirbhik Nazar

संघर्ष के दिनों को याद कर भावुक हुए सीएम धामी, रुद्रपुर के रस्तोगी राजमा की मंच से की तारीफ

रुद्रपुर: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुद्रपुर में आयोजित सरस आजीविका मेले के उद्घाटन समारोह के दौरान अपने संघर्ष के दिनों को याद किया. उन्होंने काशीपुर बाईपास पर लगने वाले रस्तोगी राजमा चावल के ठेले का जिक्र करते हुए कहा कि राजनीतिक जीवन की शुरुआत में जब उनके पास ज्यादा पैसे नहीं होते थे, तब वह वहीं राजमा चावल खाया करते थे. कार्यक्रम के दौरान ठेले के संचालक राजाराम रस्तोगी को मंच पर बुलाकर सम्मानित भी किया गया. भावुक हुए राजाराम रस्तोगी ने मुख्यमंत्री को दोबारा ठेले पर आने का निमंत्रण दिया, जिस पर सीएम धामी ने जल्द आने का आश्वासन दिया.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि रुद्रपुर से उनके लगाव को देखते हुए कुछ लोग उन्हें यहां से चुनाव लड़ने की सलाह देते हैं, लेकिन वे प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों से चुनाव लड़ रहे हैं और इस बार अधिक सीटें जीतने का विश्वास जताया. पुष्कर सिंह धामी जब भी अपने संघर्षों के पुराने दिनों को याद करते हैं तो रुद्रपुर को याद करना नहीं भूलते हैं. प्रदेश की कमान मिलने के बाद पुष्कर सिंह धामी जब रुद्रपुर पहुंचे थे, तो अचानक काशीपुर बाईपास पर लगने वाले रस्तोगी राजमा चावल के ठेले पर पहुंच गए थे. इस दौरान उन्होंने रस्तोगी राजमा चावल के संचालक राजाराम रस्तोगी के हाथों से तैयार राजमा चावल का स्वाद चखा और अपने पुराने दिनों के याद किया था.

बीते दिन रुद्रपुर के गांधी मैदान में आयोजित सरस आजीविका मेल के उद्घाटन के दौरान सीएम पुष्कर सिंह धामी ने फिर पुराने दिनों को याद करते हुए रस्तोगी राजमा चावल के स्वामी राजाराम रस्तोगी की तारीफ की. जब सीएम धामी सम्बोधन कर रहे थे तो मंच पर मौजूद कुछ नेताओं ने बोला की राजा राम रस्तोगी कार्यक्रम में मौजूद हैं, जिसके बाद सीएम धामी ने राजाराम रस्तोगी को मंच पर बुला लिया. सीएम धामी ने राजाराम रस्तोगी से पहले हाथ मिलाया और उनको सम्मानित किया. सीएम से मुलाकात करते हुए राजाराम रस्तोगी भावुक हो गए और उन्होंने दोबारा ठेले पर राजमा चावल खाने का निमंत्रण दे दिया. सीएम धामी ने आश्वासन देते हुए कहा कि जल्द ही दोबारा से आपके ठेले पर आकर राजमा चावल खाऊंगा.

सीएम धामी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जब राजनीति के शुरुआती दौर में रुद्रपुर आता था, तब ज्यादा पैसे नहीं होते थे कि बड़े होटलों में खाना खाने जा पाएं, इसलिए हम रस्तोगी राजमा चावल पर चले जाते थे. जहां राजाराम रस्तोगी जी 10 में एक प्लेट राजमा चावल देते थे, एक प्लेट में पेट भर जाता था.

रस्तोगी राजमा चावल के संचालक राजाराम रस्तोगी ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जब युवा मोर्चा की राजनीति करते थे, उस समय अक्सर रुद्रपुर आते थे. तब से हमारे ठेले पर राजमा चावल खाने आते हैं, जब पहली बार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को प्रदेश की कमान मिली, तो रुद्रपुर पहुंचने के बाद अचानक ही मेरे ठेले आ पहुंचे थे, जिन्हें देखकर मैं बहुत खुश हुआ था. आज रुद्रपुर के गांधी मैदान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री को सुनने के लिए पहुंचा था, तभी उन्होंने अपने संघर्षों के दिनों को याद करते हुए हमारे प्रतिष्ठान का जिक्र किया. तभी कुछ लोगों ने उन्हें बताया कि मैं कार्यक्रम में मौजूद हूं, तुरंत ही सीएम साहब ने मुझे मंच पर बुला लिया. मैं जब मंच पर पहुंचा, तो सीएम साहब ने मुझसे हाथ मिलाया और मुझे सम्मानित किया. मैंने उन्हें अपने प्रतिष्ठान पर दोबारा आने का निमंत्रण दिया है.

रुद्रपुर के सरस आजीविका मेल के उद्घाटन समारोह को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कुछ लोग रुद्रपुर से मेरे लगाव को देखते हुए रुद्रपुर से चुनाव लड़ने को कहते हैं. लेकिन मैं उनसे कहना चाहता हूं, कि मैं प्रदेश की 70 विधानसभा से चुनाव लड़ रहा हूं. मुझे विश्वास है कि इस बार पिछले बार की तुलना में ज्यादा सीटें आने वाली है.

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News