Nirbhik Nazar

उत्तराखंड: मार्च के पहले हफ्ते में हरिद्वार आएंगे अमित शाह, मुख्य सचिव और डीजीपी ने कार्यक्रम स्थल का लिया जायजा

हरिद्वार: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जल्द हरिद्वार दौरे पर आने वाले हैं. अमित शाह के दौरे को लेकर शासन से लेकर जिला प्रशासन के अधिकारी तैयारी में जुट गए हैं. बताया जा रहा है कि मार्च के पहले सप्ताह में अमित शाह हरिद्वार के बैरागी मैदान में आयोजित सहकारिता मेले में प्रतिभाग करेंगे. ऐसी उम्मीद है कि गृहमंत्री अमित शाह 7 मार्च को हरिद्वार आएंगे. इस दौरान वह जन संवाद और प्रदेश सरकार की ओर से किए गए विकास कार्याें की समीक्षा करेंगे.

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का उत्तराखंड दौरा: मंगलवार को राज्य के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, डीजीपी दीपम सेठ समेत शासन और जिला प्रशासन के तमाम अधिकारियों ने बैरागी मैदान का स्थलीय निरीक्षण किया. गृहमंत्री के दौरे को लेकर अधिकारी पूरी तरह से गोपनीयता बरत रहे हैं और इससे जुड़ी जानकारी साझा करने से बच रहे हैं. स्थलीय निरीक्षण से पहले हरिद्वार के डामकोठी पर मुख्य सचिव ने अधिकारियों के साथ बैठक भी की और आवश्यक दिशा निर्देश दिए. हालांकि बैठक को पूरी तरह गोपनीय रखा गया.

उत्तराखंड के अधिकारियों ने लिया कार्यक्रम स्थल का जायजा: बताया जा रहा है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी हरिद्वार आ सकते हैं. उनके संभावित दौरे को देखते हुए प्रशासन अलर्ट हो गया है. मंगलवार को मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने बैरागी कैंप क्षेत्र पहुंचकर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अफसरों को दिशा निर्देश दिए. मार्च के पहले हफ्ते प्रस्तावित कार्यक्रम के लिए बैरागी कैंप को मुख्य आयोजन स्थल के रूप में चयनित किया गया है. यहां सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, मंच व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण को लेकर विशेष तैयारी के निर्देश दिए गए हैं. बैरागी कैंप क्षेत्र में प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिसमें आगामी कुंभ की तैयारियों को प्रदर्शित किया जाएगा.

दौरे को लेकर मुख्य सचिव से लेकर डीजीपी तक अलर्ट: गृहमंत्री अमित शाह और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के दौरे को लेकर उत्तराखंड के सभी अधिकारी अलर्ट हैं. हरिद्वार में उनके कार्यक्रम की तैयारी को लेकर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन और डीजीपी दीपम सेठ के अलावा गृह सचिव शैलेश बगौली, गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडे, आईजी-गढ़वाल राजीव स्वरूप, आईजी योगेंद्र सिंह रावत, मेलाधिकारी सोनिका, डीएम मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत भुल्लर, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, एमडी-सिडकुल सौरभ गहरवार, पुलिस उप महानिरीक्षक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) धीरेंद्र सिंह गुंज्याल, सीडीओ ललित नारायण मिश्रा समेत कई अफसर मौजूद रहे.

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News