Nirbhik Nazar

चिन्यालीसौड़ में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम का शुभारंभ, CM धामी ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

उत्तरकाशी: पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को विकासखंड परिसर चिन्यालीसौड़ में आयोजित जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की शिकायतें सुनीं और मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश देकर अधिकांश समस्याओं का निस्तारण कराया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अभियान से आम जनता को बड़ी राहत मिली है और प्रशासनिक व्यवस्था अधिक सुगम व पारदर्शी बनी है। उन्होंने बताया कि अब तक प्रदेश में 600 से अधिक शिविर लगाए जा चुके हैं, जिनमें 5 लाख से ज्यादा लोगों ने भाग लिया और 40 हजार से अधिक लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का सीधा लाभ मिला है। सरकार का उद्देश्य है कि दूरस्थ गांवों के लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए जिला मुख्यालय न जाना पड़े, इसलिए गांव-गांव शिविर लगाए जा रहे हैं।

चिन्यालीसौड़ व गौचर हवाई पट्टी से शुरू होगी हेली सेवा

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में हेली सेवाओं के विस्तार के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। चिन्यालीसौड़ और गौचर हवाई पट्टियों से हेली सेवा शुरू करने की योजना है, जिनका संचालन सेना के माध्यम से किया जाएगा। आगामी अप्रैल से शुरू होने वाली चारधाम यात्रा की तैयारियां भी पहले से शुरू कर दी गई हैं ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि यात्रा को सफल बनाने में स्थानीय हितधारकों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

महिला सशक्तिकरण पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं द्वारा बनाए जा रहे उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। अब तक प्रदेश में दो लाख से अधिक लखपति दीदियों को सशक्त किया जा चुका है।

स्थानीय लोगों की मांग पर मुख्यमंत्री ने सीएचसी चिन्यालीसौड़ और महाविद्यालय के उच्चीकरण को सीएम घोषणा में शामिल करने का आश्वासन भी दिया।

मुख्य सचिव ने बताया अभियान की उपलब्धियां

मुख्य सचिव आनन्द वर्द्धन ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में यह अभियान सफलतापूर्वक चल रहा है। अब तक 5 लाख से अधिक नागरिकों ने प्रतिभाग किया है और 40 हजार से ज्यादा प्रमाण पत्र जारी किए गए हैं। जिन समस्याओं का मौके पर समाधान नहीं हो सका है, उन्हें ऑनलाइन दर्ज कर नियमित फॉलोअप किया जा रहा है।

कार्यक्रम में यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News