Nirbhik Nazar

उत्तराखंड के तीन मेगा प्रोजेक्ट पर सरकार की नजर, सीएम धामी ने दिए खास निर्देश

देहरादून। देहरादून के शहरी ढांचे को नई पहचान देने की दिशा में राज्य सरकार त्वरित गति में काम कर रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर शहर को सुनियोजित, सुरक्षित व आधुनिक स्वरूप देने वाली परियोजनाओं को मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) युद्धस्तर पर आगे बढ़ा रहा है।

इसी क्रम में आवास सचिव डा. आर. राजेश कुमार ने एमडीडीए की तीन अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजनाओं इंदिरा मार्केट पुनर्विकास, आढ़त बाजार विकास तथा तहसील परिसर मल्टी लेवल कार पार्किंग का शनिवार को संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रगति की विस्तृत समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि गुणवत्ता, सुरक्षा व समयबद्धता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं होगा।

उन्होंने कहा कि ये तीनों परियोजनाएं शहर की यातायात व्यवस्था, व्यापारिक ढांचे और आमजन की सुविधा में ऐतिहासिक सुधार लाएंगी। निरीक्षण के दौरान स्पष्ट निर्देश दिए गए कि समय पर, गुणवत्ता के साथ ही जनहित सर्वोपरि है। संयुक्त निरीक्षण में आवास सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में दून में शहरी विकास की नई दिशा तय हो रही है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि परियोजनाओं की पारदर्शिता सुनिश्चित करें व तकनीकी और प्रशासनिक बाधाएं तुरंत दूर की जाएं।

नियमित मानिटरिंग को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए। उनके साथ एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया सहित अधिशासी अभियंता सुनील कुमार, अपर अभियंता नवीन चंद्र जुनेजा, नज़ीर अहमद, वास्तुविद प्रशांत नौटियाल एवं परियोजना निदेशक निर्माण इकाई सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

इसलिए महत्वपूर्ण हैं तीनों परियोजनाएं

इंदिरा मार्केट पुनर्विकास परियोजना को दिसंबर तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, ताकि प्रभावित दुकानदारों को शीघ्र दुकानों का आवंटन किया जा सके। इससे शहर के बीचोंबीच स्थित संकरे बाजार को नया स्वरूप मिलेगा।

आढ़त बाजार परियोजना में शहर के केंद्र में तहसील चौक से सहारनपुर चौक के मध्य स्थित सड़क को 24 मीटर चौड़ी व्यवस्थित सड़क के रूप में विकसित किया जाना प्रस्तावित है। वर्तमान में सड़क की चौड़ाई 16 से 18 मीटर होने के कारण यातायात जाम की समस्या बनी रहती है। वहीं, पलटन बाजार एवं तहसील चौक क्षेत्र में पार्किंग की समस्या के दृष्टिगत नए तहसील कार्यालय के साथ मल्टी लेवल कार पार्किंग का निर्माण प्रस्तावित है।

इंदिरा मार्केट पुनर्विकास: आधुनिक व्यावसायिक केंद्र

  • इंदिरा मार्केट को पूरी तरह आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में निर्माण तेजी पर है।
  • सी व डी ब्लाक में दो तल का बेसमेंट पूरा हो चुका है, ऊपरी तल का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
  • परियोजना में तीन तल के विशाल बेसमेंट सहित लगभग 1050 कार पार्किंग की सुविधा होगी विकसित।
  • बेसमेंट के बाद दुकानों का निर्माण शुरू होगा, ताकि प्रभावित व्यापारियों को समय पर स्थानांतरित किया जा सके।
  • सचिव ने साइट पर निर्माण की गुणवत्ता, सुरक्षा उपायों और समयसीमा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

आढ़त बाजार परियोजना: नया संगठित मार्केट

  • शहर के मध्य स्थित आढ़त बाजार की अव्यवस्था को खत्म करने के लिए यह परियोजना अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
  • नया आढ़त बाजार हरिद्वार बाइपास कारगी पर 7 हेक्टेयर भूमि पर विकसित हो रहा है।
  • विभिन्न श्रेणी की मंडियों के लिए सुव्यवस्थित लेआउट तैयार, निर्माण कार्य प्रगति पर।
  • लगभग 650 वाहनों की क्षमता वाली मल्टी लेवल पार्किंग का निर्माण जारी।
  • परियोजना में वेयरहाउस, कार्यालय, पार्क, एसटीपी, ओवरहेड टैंक, बिजली-पानी की समुचित व्यवस्था शामिल।
  • सचिव ने निर्देश दिए कि कार्य गुणवत्ता और टिकाऊपन के उच्चतम मानकों के अनुरूप ही पूरे हों।

तहसील मल्टी लेवल कार पार्किंग: शहर को मिलेगा बड़ा राहत केंद्र

  • पलटन बाजार से तहसील चौक क्षेत्र तक जाम की स्थायी समस्या को देखते हुए इस परियोजना को महत्वपूर्ण माना गया है।
  • आधुनिक तहसील भवन के साथ लगभग 1000 वाहनों की क्षमता वाली मल्टी लेवल कार पार्किंग।
  • इसके लिए दरबार साहिब से भूमि/समन्वय संबंधी बातचीत जारी है।
  • सचिव ने अधिकारियों को वार्ता प्रक्रिया को शीघ्र गति देने और परियोजना को धरातल पर उतारने हेतु तत्पर कदम उठाने के निर्देश दिए।
nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News