Nirbhik Nazar

मुख्य सचिव आनंद बर्धन की अध्यक्षता में हुई वित्त समिति की बैठक,  करोड़ों की विकास परियोजनाओं को मिली हरी झंडी

देहरादून। मुख्य सचिव आनंद बर्धन की अध्यक्षता में सचिवालय सभागार में आयोजित अधिकृत वित्त समिति (AFC) की बैठक में विभिन्न महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में बुनियादी ढांचा, पेयजल और परिवहन से जुड़ी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

यूआईडीएफ फंड से न्यू कैंट मार्ग होगा 3 लेन

यूआईडीएफ फंड के अंतर्गत न्यू कैंट मार्ग (दिलाराम बाजार से विजय कॉलोनी पुल तक) को 2 लेन से 3 लेन में अपग्रेड करने के लिए ₹1257.96 लाख की परियोजना को मंजूरी दी गई।
इसमें विद्युत लाइनों को यूटिलिटी डक्ट में स्थानांतरित करने और जलापूर्ति लाइन शिफ्टिंग का कार्य शामिल है। इससे यातायात सुगम होगा और क्षेत्र में जाम की समस्या में कमी आएगी।

पिथौरागढ़ में पेयजल योजना सुदृढ़ीकरण

जनपद पिथौरागढ़ की घाट पंपिंग पेयजल योजना के अंतर्गत जीर्ण-शीर्ण पाइपलाइन और राइजिंग मेन के प्रतिस्थापन व पुनर्संरेखण के लिए ₹1338.53 लाख की योजना को अनुमोदन दिया गया। इससे क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति बेहतर होगी।

मसूरी राज्य राजमार्ग पर बनेगा दो लेन स्टील बॉक्स पुल

मसूरी राज्य राजमार्ग संख्या-1 के कि.मी. 18, सहसपुर (जनपद देहरादून) में क्षतिग्रस्त एकल लेन पुल के स्थान पर ₹1200.17 लाख की लागत से 60 मीटर स्पैन का दो लेन क्लास-ए लोडिंग स्टील बॉक्स पुल बनाया जाएगा। इससे यातायात सुगम होने के साथ सुरक्षा भी बढ़ेगी।

रामनगर बस टर्मिनल परियोजना पर सख्त रुख

मुख्य सचिव ने रामनगर बस टर्मिनल परियोजना की पुनरीक्षित लागत में फाउंडेशन वर्क और साइट डेवलपमेंट पर अधिक खर्च को लेकर नाराजगी जताई।
उन्होंने HOD, पीडब्ल्यूडी और एमडी, पेयजल निगम को प्रारंभिक व विस्तारित लागत, साइट चयन, नींव खर्च व कुल व्यय की व्यवहारिकता की जांच हेतु समिति गठित कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

पब्लिक फंड की मितव्ययिता पर जोर

मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक धन का विवेकपूर्ण उपयोग सर्वोपरि है। केवल कंसलटेंट के प्रस्तावों पर निर्भर न रहकर विभाग स्वयं विस्तृत जांच करें। बिना पर्याप्त स्क्रूटनी के किसी भी प्रस्ताव को हाई पावर कमेटी में प्रस्तुत न करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने दो टूक कहा—कार्य पब्लिक-सेंट्रिक हों।

समयबद्ध और पारदर्शी क्रियान्वयन के निर्देश

बैठक में स्वीकृत सभी परियोजनाओं को शीघ्र, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से लागू करने के निर्देश दिए गए। बैठक में सचिव पंकज पांडेय, एस.ए. अदन्नकी, बृजेश संत सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News