Nirbhik Nazar

टोंक कंबल विवाद: पूर्व BJP सांसद के बयान पर घमासान, कांग्रेस ने 1000 महिलाओं को बांटे कंबल और खजूर

टोंक (राजस्थान)। राजस्थान के टोंक जिले में कंबल वितरण कार्यक्रम को लेकर शुरू हुआ विवाद अब सियासी मुकाबले में बदल गया है। पूर्व BJP सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया के कथित व्यवहार को लेकर जहां बीजेपी और कांग्रेस आमने-सामने हैं, वहीं कांग्रेस ने उसी गांव में बड़ा कंबल वितरण कार्यक्रम कर सियासी संदेश देने की कोशिश की है।

रविवार 22 फरवरी को निवाई तहसील के करेड़ा गांव में आयोजित कंबल वितरण कार्यक्रम के दौरान जौनापुरिया का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वह मुस्लिम महिलाओं से नाम पूछने के बाद यह कहते हुए कंबल वापस लेते दिखाई दिए कि जो लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गाली देते हैं, उन्हें कंबल लेने का अधिकार नहीं है। वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया और पूर्व सांसद को सफाई भी देनी पड़ी।

इस मुद्दे पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। वहीं सवाई माधोपुर से सांसद हरीश चंद्र मीना ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच तथा कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

कांग्रेस का काउंटर कार्यक्रम

विवाद के दो दिन बाद उसी गांव में राजस्थान कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग की टीम पहुंची और आसपास के गांवों की करीब 1000 महिलाओं को बिना किसी धर्म या जाति के भेदभाव के कंबल वितरित किए।
महिलाओं को कंबल के साथ खजूर के पैकेट भी दिए गए। कांग्रेस नेताओं ने इसे “नफरत के जवाब में मोहब्बत” का संदेश बताया।

राहुल गांधी के संदेश का जिक्र

अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष एमडी चोपदार ने कहा कि पार्टी नेता राहुल गांधी के मोहब्बत के पैगाम से ही नफरत को खत्म किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस धार्मिक आधार पर महिलाओं के साथ हुए कथित अपमान के खिलाफ खड़ी है। इस पूरे घटनाक्रम के बाद टोंक सहित प्रदेश की राजनीति गरमा गई है और दोनों दल इस मुद्दे को लेकर एक-दूसरे पर हमलावर हैं।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News