Nirbhik Nazar

CM धामी ने 256 करोड़ की लागत से बन रहे प्रदेश के प्रथम महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का किया निरीक्षण

लोहाघाट। जनपद चम्पावत के लोहाघाट क्षेत्र स्थित छमनिया में लगभग 256 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन राज्य के प्रथम महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का विस्तृत जायजा लेते हुए कार्यदायी संस्था और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएँ।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने फुटबॉल मैदान, कृत्रिम घास युक्त हॉकी मैदान, वॉलीबॉल और बास्केटबॉल कोर्ट, कृत्रिम एथलेटिक ट्रैक सहित विभिन्न खेल अवसंरचनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इसके साथ ही 300 बालिकाओं की क्षमता वाले छात्रावास, स्टाफ आवास, प्रशासनिक भवन, शैक्षणिक भवन, बहुउद्देश्यीय सभागार, प्रेक्षागृह तथा अतिथि गृह के निर्माण कार्यों की जानकारी भी ली।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोहाघाट में स्थापित हो रहा यह महिला स्पोर्ट्स कॉलेज प्रदेश की बेटियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएँ उपलब्ध कराएगा। यहाँ विकसित की जा रही सभी व्यवस्थाएँ उच्च मानकों के अनुरूप होंगी, जिससे राज्य की महिला खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकेंगी।

उन्होंने कहा कि यह संस्थान प्रशिक्षण, शिक्षा और आवास की समग्र व्यवस्था के साथ विशेष रूप से ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों की प्रतिभाशाली बालिकाओं को आगे बढ़ने का सशक्त अवसर देगा।

इस अवसर पर सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News