Nirbhik Nazar

CM  धामी ने खटीमा में मनाई होली, कहा – “हमारी लोक परंपरा ही हमारी पहचान”

खटीमा। सनातन धर्मशाला रामलीला मैदान, खटीमा में आयोजित भव्य होली मिलन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सहभागिता कर जनसमूह को होली की शुभकामनाएं दीं। समारोह में भारी संख्या में लोगों की उपस्थिति रही और पूरा मैदान उत्सव के रंग में रंगा नजर आया।

मुख्यमंत्री ने पारंपरिक कुमाऊँनी होली, शास्त्रीय होली तथा थारू होली गायन में भाग लेकर स्थानीय नागरिकों के साथ उल्लास साझा किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, परंपराएं और त्यौहार हमारी सांस्कृतिक पहचान के सशक्त आधार हैं।

उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, सद्भाव और भाईचारे का प्रतीक है। भावुक संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा, “खटीमा मेरा घर है और खटीमावासी मेरा परिवार हैं। अपने लोगों के बीच आकर मुझे विशेष आत्मीयता का अनुभव होता है।”

संस्कृति से जुड़ाव और महिला शक्ति को सम्मान

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का माध्यम बनते हैं। उन्होंने मातृशक्ति को नमन करते हुए कहा कि महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा को राज्य सरकार ने सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।

उन्होंने खटीमा को सर्वधर्म समभाव का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह क्षेत्र ‘मिनी इंडिया’ के रूप में जाना जाता है, जहां सभी समुदाय आपसी प्रेम और सौहार्द के साथ पर्व मनाते हैं। आधुनिकता के दौर में भी यहां पारंपरिक संस्कृति का संरक्षण सराहनीय है।

विकसित भारत के संकल्प की बात

मुख्यमंत्री ने नागरिकों से प्रदेश और देश के विकास में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सहयोग की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों के साथ होली खेली और प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। समारोह में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News