Nirbhik Nazar

CMधामी ने खटीमा में किया ओपन जिम का शुभारंभ, क्रिकेट में भी आजमाए हाथ…

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने गृह क्षेत्र खटीमा में जनस्वास्थ्य को बढ़ावा देने की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए लोहियाहेड क्षेत्र में स्थापित ओपन जिम का शुभारंभ किया। यह जिम एक निजी कंपनी के सहयोग से तैयार किया गया है, जिससे स्थानीय युवाओं और आम नागरिकों को खुली हवा में व्यायाम की सुविधा मिल सकेगी।

लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री ने स्वयं जिम उपकरणों पर व्यायाम कर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इसके उपरांत उन्होंने समीप स्थित खेल मैदान में आयोजित एक निजी नर्सिंग कॉलेज के वार्षिक खेलकूद समारोह का उद्घाटन किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने क्रिकेट खेलकर युवाओं का उत्साह भी बढ़ाया।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद भी जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। खेल न केवल शारीरिक रूप से सशक्त बनाते हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का भी विकास करते हैं। उन्होंने युवाओं से लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।

उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेल और फिटनेस को राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा मिला है, जिससे युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर प्राप्त हो रहे हैं। राज्य सरकार भी प्रदेश में खेल सुविधाओं के विस्तार और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षण संस्थान के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित व्यायाम को दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News