Nirbhik Nazar

सोशल मीडिया अकाउंट के खिलाफ SSP ऑफिस पहुंचा कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल, नेताओं की छवि धूमिल करने का लगाया आरोप

देहरादून: भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने एक सोशल मीडिया अकाउंट के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के लिए देहरादून स्थित एसएसपी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि उक्त सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से पार्टी नेताओं की राजनीतिक और सामाजिक प्रतिष्ठा को धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के नाम संबोधित ज्ञापन एसपी सिटी प्रमोद कुमार को सौंपा गया। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि इस सोशल मीडिया अकाउंट से लगातार कूट रचित पोस्ट और वीडियो डाले जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य कांग्रेस नेताओं की छवि खराब करना है।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि इससे पहले भी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की ओर से 28 दिसंबर 2025 को इस मामले में लिखित शिकायत दी गई थी और संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की गई थी। हालांकि, अब तक इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि 28 फरवरी 2026 को इसी सोशल मीडिया अकाउंट से पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा की राजनीतिक और सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की नीयत से एक वीडियो पोस्ट किया गया, लेकिन इसके बावजूद भी आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।

कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने कहा कि हाल ही में पोस्ट किए गए एक वीडियो में एक महिला को भी शामिल कर उसका अपमान किया गया है, जिससे उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है। उन्होंने कहा कि होली प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का पर्व है, लेकिन इस तरह की पोस्ट समाज में नफरत फैलाने का काम कर रही हैं।

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट संचालकों के खिलाफ आईटी एक्ट की धाराओं में तत्काल मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस कार्यकर्ता आंदोलन करने को बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News