Nirbhik Nazar

CM धामी ने प्रदेश में विकास कार्यों को दी रफ्तार, कुम्भ-2027 सहित विभिन्न योजनाओं के लिए 102 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में विकास कार्यों को गति देने के लिए विभिन्न योजनाओं हेतु लगभग 102 करोड़ रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इसके अंतर्गत जनपद ऊधम सिंह नगर के बाजपुर स्थित उपजिला चिकित्सालय में छह चिकित्साधिकारियों के आवासीय भवनों के निर्माण के लिए 4 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।

मुख्यमंत्री ने कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों के तहत हरिद्वार में प्रस्तावित पुलिस कमांड कंट्रोल सेंटर भवन के निर्माण के लिए 50.27 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। इसके साथ ही हर की पैड़ी से ललतारों सेतु तक गलियों के सुधारीकरण एवं सौन्दर्यीकरण के लिए 9 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है।

राज्य आपदा न्यूनीकरण निधि के अंतर्गत हरिद्वार के खानपुर क्षेत्र में नारसन-हरजौली-जट मुडलाना-लंडौरा-जौरासी बुढ़्ढाहेडी-बजेडी-राजपुताना मोटर मार्ग पर क्षतिग्रस्त आरसीसी सेतु की एप्रोच के सुरक्षात्मक कार्य के लिए 6.67 करोड़ रुपये की योजना के सापेक्ष प्रथम किश्त के रूप में 2.67 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अतिरिक्त प्राकृतिक आपदा से क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों की मरम्मत व पुनर्निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग को 25 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने चम्पावत के पूर्णागिरी क्षेत्र में हुड्डी नदी से ग्राम छानीगोठ की सुरक्षा के लिए 5.75 करोड़ रुपये की योजना के तहत 2.30 करोड़ रुपये की प्रथम किश्त स्वीकृत की है। वहीं चमोली के गैरसैंण क्षेत्र में रामगंगा नदी तट पर बाढ़ सुरक्षात्मक कार्यों के लिए 6.83 करोड़ रुपये की योजना के सापेक्ष 2.74 करोड़ रुपये, उत्तरकाशी के हर्षिल में भागीरथी नदी के दाहिने तट पर सुरक्षा कार्यों के लिए 10.24 करोड़ रुपये की योजना के तहत 4.10 करोड़ रुपये तथा देहरादून के धर्मपुर क्षेत्र में सुसवा नदी पर बाढ़ सुरक्षा योजना के लिए 4.30 करोड़ रुपये की योजना के अंतर्गत 1.72 करोड़ रुपये की प्रथम किश्त स्वीकृत की गई है।

इसके साथ ही नगर पंचायत ईमलीखेड़ा में लीगेसी वेस्ट निस्तारण के लिए 13.90 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। मुख्यमंत्री ने पौड़ी गढ़वाल के रिखणीखाल स्थित राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डोबरियासार का नाम शहीद अनुज नेगी के नाम पर रखने का भी अनुमोदन प्रदान किया है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News