देहरादून: राजधानी देहरादून में चल रहे प्री-एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) अभियान का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। अब तक कुल 66.62 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है और 10.39 लाख मतदाताओं का मिलान किया जा चुका है। शेष मतदाताओं की मैपिंग और सत्यापन के लिए अभियान जारी है।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे ने नगर निगम सभागार में समीक्षा बैठक कर प्रगति की जानकारी ली। समीक्षा में बताया गया कि 99.03 प्रतिशत के साथ चकराता विधानसभा जिले में पहले स्थान पर है, जबकि धर्मपुर विधानसभा 56.94 प्रतिशत के साथ सबसे पीछे है।
बैठक में संबंधित ईआरओ को निर्देश दिए गए कि बीएलओ के कार्यों की प्रति सप्ताह समीक्षा की जाए। जिन बूथों पर मैपिंग का प्रतिशत कम है वहां तहसील स्तर से अतिरिक्त कार्मिकों की ड्यूटी लगाकर कार्य जल्द पूरा कराया जाए।
समीक्षा में सामने आया कि विकासनगर में 70.47 प्रतिशत, सहसपुर में 71 प्रतिशत, रायपुर में 62.64 प्रतिशत, राजपुर में 61.19 प्रतिशत, देहरादून कैंट में 61.36 प्रतिशत, मसूरी में 63.52 प्रतिशत, डोईवाला में 70 प्रतिशत और ऋषिकेश में 60.87 प्रतिशत मैपिंग कार्य पूरा किया जा चुका है।
प्रशासन के अनुसार देहरादून जिले में कुल 15,60,788 मतदाता हैं, जिनमें से 10,39,833 मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो चुकी है जबकि 5,20,955 मतदाताओं का सत्यापन अभी शेष है।
जिले की 10 विधानसभा सीटों में कुल 2369 बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) कार्यरत हैं। इनमें भाजपा के 912, कांग्रेस के 1268 और सीपीआई के 189 बीएलए-2 शामिल हैं। बैठक में सीडीओ अभिनव शाह, नगर आयुक्त नमामी बंसल, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।