Skip to main content

Nirbhik Nazar

उत्तराखंड में होली की धूम, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने दी शुभकामनाएँ

देहरादून : पूरे प्रदेश में रंगों का पावन पर्व होली धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को होली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं। वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भी प्रदेश के लोगों को होली की शुभकामनाएँ दीं और विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया।

मुख्यमंत्री धामी ने दी होली की बधाई:
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर संदेश जारी करते हुए कहा कि होली रंग, उल्लास और हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। यह पर्व सामाजिक समरसता और एकता की भावना को सुदृढ़ करता है। उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि लोकसंस्कृति, शास्त्रीय संगीत परंपरा, आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक मूल्यों की जीवंत अभिव्यक्ति है। मुख्यमंत्री ने कामना की कि यह पर्व सभी के जीवन में सुख और समृद्धि लेकर आए।

गणेश गोदियाल ने दी शुभकामनाएँ:
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल गढ़वाल क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर आयोजित होली मिलन समारोहों में शामिल हुए। उन्होंने थलीसैंण और ग्राम रणगाँव में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेकर क्षेत्रवासियों को होली की शुभकामनाएँ दीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि रंगों का यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए।

लक्सर में परंपरागत होलिका दहन:
हरिद्वार जिले के लक्सर में रंगोत्सव की पूर्व संध्या पर हर्षोल्लास के साथ होलिका दहन किया गया। लक्सर के मुख्य बाजार रेलवे परिसर में लगभग 100 वर्षों से होलिका दहन की परंपरा चली आ रही है, जिसमें नगर के लोग बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं।

महिलाओं ने दिन में विधि-विधान से होली पूजन किया और एक-दूसरे को रंग लगाकर बधाई दी। ग्रहण काल के कारण इस बार 2 मार्च को पूजन किया गया, जबकि 3 मार्च को ग्रहण समाप्त होने के बाद हवन के साथ होलिका दहन किया गया।

होलिका दहन के बाद लोगों ने परिक्रमा कर सुख-समृद्धि की कामना की और एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। इस अवसर पर आतिशबाजी भी की गई और प्रसाद का वितरण किया गया।

आयोजकों रेवती शरण पुरोहित, भारत भूषण और बृजभूषण कर्णवाल ने बताया कि यह नगर की विशेष होली होती है, जिसमें नगर के सभी लोग मिलकर सहयोग करते हैं और उत्साह के साथ भाग लेते हैं।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News