Skip to main content

Nirbhik Nazar

धामी सरकार ने जारी किया उत्तराखंड का आर्थिक सर्वेक्षण, जीएसडीपी में 7.23% की बढ़ोतरी

देहरादून: उत्तराखंड सरकार की ओर से वित्तीय वर्ष 2025-26 का आर्थिक सर्वेक्षण जारी कर दिया गया है। आगामी 9 मार्च से शुरू होने वाले विधानसभा बजट सत्र से पहले नियोजन विभाग के प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम ने प्रेस वार्ता में राज्य की आर्थिक स्थिति से जुड़े महत्वपूर्ण आंकड़े साझा किए।

रिपोर्ट के अनुसार राज्य की सकल राज्य घरेलू उत्पाद (GSDP) में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2021-22 की तुलना में प्रदेश की जीएसडीपी लगभग डेढ़ गुना बढ़कर 3,81,880 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में इस बार 7.23 प्रतिशत की वृद्धि दर दर्ज की गई है।

प्रमुख सचिव ने बताया कि आर्थिक सर्वेक्षण राज्य के विकास की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण दस्तावेज होता है। इस वर्ष रिपोर्ट तैयार करने में बेहतर विश्लेषण के लिए विशेषज्ञ संस्थान की सहायता भी ली गई है।

प्रति व्यक्ति आय और रोजगार में बढ़ोतरी

आर्थिक सर्वेक्षण के अनुसार राज्य में प्रति व्यक्ति आय में भी वृद्धि हुई है। वर्ष 2021-22 में यह लगभग 1.94 लाख रुपये थी, जो वर्ष 2025-26 में बढ़कर 2.73 लाख रुपये से अधिक हो गई है।

वहीं एमएसएमई इकाइयों की संख्या में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2022 में जहां प्रदेश में करीब 59 हजार एमएसएमई इकाइयां थीं, वहीं वर्ष 2025 में यह बढ़कर 79 हजार से अधिक हो गई हैं। इससे रोजगार के अवसरों में भी बढ़ोतरी हुई है।

इन्फ्रास्ट्रक्चर और उद्योग क्षेत्र में प्रगति

आर्थिक सर्वेक्षण के मुताबिक राज्य में सड़कों की लंबाई, उद्योगों की संख्या और स्टार्टअप में भी तेजी से वृद्धि हुई है।

  • स्टार्टअप की संख्या 2022 में 702 थी, जो 2025 में बढ़कर 1750 हो गई।
  • बड़े उद्योगों की संख्या 107 से बढ़कर 128 हो गई।
  • प्रदेश में हेलीपोर्ट और हेलीपैड की संख्या में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

शिक्षा और स्वास्थ्य सूचकांकों में सुधार

रिपोर्ट के अनुसार शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है।

  • स्कूलों में नामांकन दर में बढ़ोतरी हुई है।
  • ड्रॉपआउट दर में कमी दर्ज की गई है।
  • शिशु मृत्यु दर और मातृ मृत्यु दर में भी गिरावट आई है।

ऊर्जा और कृषि उत्पादन में भी बढ़ोतरी

ऊर्जा क्षेत्र में बिजली उत्पादन और सौर ऊर्जा क्षमता में वृद्धि दर्ज की गई है। इसके साथ ही कृषि उत्पादन, दुग्ध उत्पादन और मत्स्य उत्पादन में भी सुधार हुआ है।

आर्थिक सर्वेक्षण के अनुसार आने वाले वर्षों में उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था के 8 प्रतिशत से अधिक की दर से बढ़ने का अनुमान जताया गया है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News