Nirbhik Nazar

CM धामी ने पश्चिम बंगाल में किया भाजपा का प्रचार, कहा- डंडे के दम पर लोगों को डराती है ममता सरकार

देहरादून/पश्चिम बंगाल। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल दौरे के दौरान उत्तर 24 परगना जिले के हिंगलगंज विधानसभा क्षेत्र से ‘परिवर्तन यात्रा’ की शुरुआत की। इस अवसर पर आयोजित जनसभा और रोड शो में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और मुख्यमंत्री धामी को सुनने के लिए भारी भीड़ उमड़ी।

सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने सनातन मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा में विश्वास रखने वाला व्यक्ति कभी भयभीत नहीं होता और वह सदैव सत्य तथा राष्ट्रहित के लिए खड़ा रहता है। उनके इस वक्तव्य पर सभा में मौजूद लोगों ने जोरदार समर्थन व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने राज्य की ममता बनर्जी सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में तुष्टिकरण की राजनीति को बढ़ावा दिया गया है। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार और अवसर देने के बजाय भत्तों पर निर्भर बनाने की प्रवृत्ति बढ़ रही है, जिससे उनके भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर भी मुख्यमंत्री धामी ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि राज्य में अपराध और अराजकता की घटनाएं बढ़ रही हैं तथा महिलाएं स्वयं को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य के कर्मचारियों को भी उनके अधिकार समय पर नहीं मिल पा रहे हैं और महंगाई भत्ते जैसे मुद्दे लंबे समय से लंबित हैं।

मुख्यमंत्री ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि कई विद्यालय बंद हो चुके हैं, जिसका असर आने वाली पीढ़ियों के भविष्य पर पड़ रहा है। इसके अलावा उन्होंने सीमा पार से होने वाली अवैध घुसपैठ के मुद्दे को गंभीर बताते हुए राज्य सरकार से इस पर स्पष्ट कार्रवाई की मांग की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का लक्ष्य पश्चिम बंगाल में सुशासन, सुरक्षा और विकास को स्थापित करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि राज्य में भाजपा की सरकार बनती है तो अराजकता की स्थिति समाप्त कर विकास का नया दौर शुरू किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि भाजपा के लिए ‘राष्ट्र प्रथम’ सर्वोच्च सिद्धांत है और इसी भावना के साथ पार्टी देश के विकास और समाज की सेवा के लिए कार्य कर रही है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News