Nirbhik Nazar

कल हरिद्वार में लगेगी नए आपराधिक कानूनों की प्रदर्शनी, गृह मंत्री अमित शाह करेंगे निरीक्षण

देहरादून। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सात मार्च को होने वाले हरिद्वार दौरे को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस दौरान नए आपराधिक कानूनों पर आधारित एक विशेष प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी, जिसमें आम लोगों और युवाओं को इन कानूनों की महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी।

बैरागी कैंप में 7 से 9 मार्च तक आयोजित होने वाली इस राज्य स्तरीय प्रदर्शनी में तीन नए आपराधिक कानून— भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम —की प्रमुख विशेषताओं को सरल तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा।

प्रदर्शनी में समयबद्ध जांच और आरोप पत्र दाखिल करने की अनिवार्यता, शून्य प्राथमिकी और ऑनलाइन प्राथमिकी दर्ज करने की व्यवस्था, सात वर्ष से अधिक सजा वाले अपराधों में अनिवार्य वैज्ञानिक जांच तथा डिजिटल साक्ष्यों को कानूनी मान्यता जैसे प्रावधानों को प्रमुखता से दिखाया जाएगा। इसके अलावा महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराध, संगठित अपराध, साइबर अपराध और आतंकवाद से संबंधित नए प्रावधानों की जानकारी भी दी जाएगी।

इस आयोजन में राज्य सरकार के चार वर्ष पूरे होने के अवसर पर सरकार की प्रमुख उपलब्धियों को भी प्रदर्शित किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, निवेश और सीमांत क्षेत्रों के विकास से जुड़े कार्यों को प्रदर्शनी के माध्यम से दिखाया जाएगा।

सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी के अनुसार इस प्रदर्शनी का उद्देश्य आम लोगों को नए कानूनों और सरकारी योजनाओं के बारे में सरल और स्पष्ट जानकारी देना है। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हरिद्वार में आयोजित जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News