देहरादून: उत्तराखंड के चंपावत जिले के रहने वाले अनुज पंत ने संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में 69वीं रैंक हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। बाराकोट विकासखंड के झूलापे गांव निवासी अनुज पंत की इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें फोन कर बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपीएससी जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त करना बेहद गौरव की बात है और अनुज पंत की यह उपलब्धि प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने विश्वास जताया कि अनुज पंत प्रशासनिक सेवा में अपनी प्रतिभा और समर्पण से देश और प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। वहीं अनुज पंत ने भी मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रोत्साहन से उन्हें देश सेवा के लिए और अधिक प्रेरणा मिलेगी।