Nirbhik Nazar

बजट सत्र में मंत्री धन सिंह रावत से तीखे सवाल, स्वास्थ्य-शिक्षा और गोल्डन कार्ड पर मांगे जवाब

गैरसैंण : उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में चल रहे बजट सत्र के चौथे दिन प्रश्नकाल के दौरान कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत के विभागों से जुड़े कई मुद्दे सदन में गूंजे। स्वास्थ्य सेवाओं, गोल्डन कार्ड योजना, कैंसर अस्पताल, खाद्य पदार्थों में मिलावट और शिक्षा विभाग की योजनाओं को लेकर सत्ता और विपक्ष के विधायकों ने जमकर सवाल उठाए, जिनका मंत्री ने क्रमवार जवाब दिया।

प्रश्नकाल के दौरान मनोज तिवारी ने प्रदेश में स्वास्थ्य कर्मियों की पेंशन और गोल्डन कार्ड योजना को लेकर सवाल उठाया। इस पर स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने बताया कि गोल्डन कार्ड योजना के अंतर्गत कर्मचारियों का लगभग 168 करोड़ रुपये का भुगतान लंबित है और करीब 37 हजार कर्मचारी इससे जुड़े हैं।

इसी क्रम में बृजभूषण गैरोला ने देहरादून में बन रहे कैंसर अस्पताल को लेकर प्रश्न उठाया। इस पर मंत्री ने जानकारी दी कि हर्रावला क्षेत्र में लगभग 125 करोड़ रुपये की लागत से कैंसर अस्पताल का निर्माण किया जा रहा है, जिसका करीब 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।

कांग्रेस विधायक वीरेंद्र जाति ने भी गोल्डन कार्ड योजना को लेकर सवाल किया। उन्होंने कहा कि विधायकों का भी गोल्डन कार्ड बनाया जाना था। इस पर मंत्री ने स्पष्ट किया कि यह एक अंशदायी योजना है और इस विषय पर कर्मचारी संगठनों के साथ बातचीत चल रही है।

वहीं मयूख मेहर ने पिथौरागढ़ के बेस अस्पताल से जुड़े निर्माण कार्य और क्षेत्र में संभावित भू-धंसाव को लेकर चिंता जताई। मंत्री ने कहा कि मेडिकल कॉलेज का निर्माण भू-वैज्ञानिकों के सर्वे के बाद शुरू किया गया था, लेकिन यदि किसी तरह की समस्या सामने आती है तो आईआईटी रुड़की से दोबारा सर्वे कराया जाएगा।

सदन में खाद्य पदार्थों में मिलावट का मुद्दा भी उठा। विधायक बृजभूषण गैरोला ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन में खाली पदों और खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला को लेकर सवाल किया। इस पर मंत्री ने बताया कि पिछले दो वर्षों में 3311 खाद्य नमूने लिए गए, जिनमें से 330 नमूने मानकों पर खरे नहीं उतरे और इन मामलों में न्यायालय में वाद चल रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि देहरादून में खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला तैयार हो चुकी है और 31 मार्च 2026 से पहले इसका उद्घाटन कर दिया जाएगा।

ऑनलाइन खाद्य पदार्थों की बिक्री को लेकर प्रेमचंद अग्रवाल ने सवाल उठाते हुए कहा कि कार्रवाई अक्सर छोटे व्यापारियों पर होती है, जबकि बड़े मॉल और सुपरमार्केट में जांच कम होती है। इस पर मंत्री ने कहा कि जहां भी शिकायत मिलेगी वहां जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

सदन में पहाड़ी क्षेत्रों की स्वास्थ्य सेवाओं पर भी चर्चा हुई। संजय डोभाल ने बड़कोट और चिन्यालीसौड़ में एक्सरे और अल्ट्रासाउंड मशीन की उपलब्धता को लेकर सवाल उठाया। मंत्री ने बताया कि चिन्यालीसौड़ में दोनों मशीनें उपलब्ध हैं, जबकि बड़कोट में फिलहाल एक्सरे मशीन है और अल्ट्रासाउंड मशीन की व्यवस्था रोटेशन के आधार पर की जाएगी।

इसके अलावा शिक्षा विभाग की छात्रवृत्ति योजनाओं को लेकर सुरेश गढ़िया ने प्रश्न किया। इस पर शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने बताया कि विभिन्न योजनाओं के तहत 21 हजार 743 छात्रों को 17 करोड़ रुपये से अधिक की छात्रवृत्ति दी गई है।

प्रश्नकाल समाप्त होने के बाद विधायक बृजभूषण गैरोला और प्रेमचंद अग्रवाल ने अपनी शंकाओं को लेकर तथा मंत्री धन सिंह रावत ने अपने पक्ष को लेकर मीडिया से बातचीत भी की।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News