Nirbhik Nazar

धामी सरकार का सख्त एक्शन: अवैध खनन में संदिग्ध भूमिका पर चौकी प्रभारी समेत 6 पुलिसकर्मी निलंबित

हरिद्वार: उत्तराखंड में अवैध खनन के खिलाफ धामी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। अवैध खनन से जुड़े एक वायरल ऑडियो के सामने आने के बाद झबरेड़ा थाना क्षेत्र की इकबालपुर पुलिस चौकी में तैनात पूरे स्टाफ को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, मामले को गंभीरता से लेते हुए हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने चौकी प्रभारी समेत कुल छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच की जिम्मेदारी एसपी देहात शेखर चंद सुयाल को सौंपी गई है।

बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर एक ऑडियो वायरल हुआ था, जिसमें कथित तौर पर अवैध खनन से जुड़े लेनदेन और चौकी प्रभारी से संपर्क की बातें सामने आई थीं। ऑडियो में एक पुलिसकर्मी शिकायत मिलने के बाद खनन करने वाले व्यक्ति को फोन कर खनन बंद करने की सूचना देता सुनाई दे रहा है। ऑडियो सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर मामले का संज्ञान लेते हुए हरिद्वार पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। प्राथमिक जांच में पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाए जाने के बाद एसएसपी ने चौकी प्रभारी समेत पूरे स्टाफ को निलंबित कर दिया।

एसएसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस की छवि को धूमिल करने वाली किसी भी गतिविधि को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले की गहन जांच के लिए एसपी देहात के नेतृत्व में जांच टीम गठित की गई है, जो जल्द अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।

निलंबित किए गए पुलिसकर्मी

  • नवीन सिंह चौहान – चौकी प्रभारी, इकबालपुर
  • हेड कॉन्स्टेबल विरेन्द्र शर्मा
  • हेड कॉन्स्टेबल हरेन्द्र
  • कॉन्स्टेबल विपिन कुमार
  • कॉन्स्टेबल देवेश सिंह
  • कॉन्स्टेबल प्रदीप

इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में स्पष्ट संदेश गया है कि अवैध खनन या किसी भी गैरकानूनी गतिविधि में संलिप्तता पाए जाने पर किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News