Nirbhik Nazar

CM धामी ने चंपावत को दी स्वास्थ्य सेवाओं की सौगात, ACLS एम्बुलेंस को दिखाई हरी झंडी, आधुनिक मशीन का किया लोकार्पण

टनकपुर। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने जनपद Champawat के नागरिकों को बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए उपजिला चिकित्सालय टनकपुर से एडवांस्ड कार्डियोवस्कुलर लाइफ सपोर्ट (ACLS) एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अत्याधुनिक एम्बुलेंस के संचालन से क्षेत्र के मरीजों को आपातकालीन परिस्थितियों में उन्नत और त्वरित चिकित्सा सहायता मिल सकेगी। इससे गंभीर मरीजों को अस्पताल तक सुरक्षित और शीघ्र पहुंचाने में बड़ी मदद मिलेगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उपजिला चिकित्सालय टनकपुर में आधुनिक फेकोइमल्सीफिकेशन (Phacoemulsification) मशीन का भी लोकार्पण किया। इस मशीन की स्थापना से अब मोतियाबिंद सहित विभिन्न नेत्र रोगों का उपचार आधुनिक तकनीक के माध्यम से स्थानीय स्तर पर ही संभव हो सकेगा। इससे मरीजों को उपचार के लिए अन्य जनपदों की ओर नहीं जाना पड़ेगा और क्षेत्र के बुजुर्गों सहित सभी नेत्र रोगियों को विशेष लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि यह ACLS एम्बुलेंस Bahl Paper Mills Limited, Kashipur द्वारा कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत उपलब्ध कराई गई है। यह एम्बुलेंस अत्याधुनिक जीवनरक्षक उपकरणों से सुसज्जित है, जो हृदय रोग, दुर्घटना तथा अन्य आपातकालीन स्थितियों में मरीजों को तत्काल चिकित्सा सहायता प्रदान करने में सक्षम है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने अस्पताल परिसर में स्थापित नई डायलिसिस मशीन का भी निरीक्षण किया और चिकित्सकों से उसकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड का भी भ्रमण किया।

मुख्यमंत्री ने उपचाराधीन मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता और उपचार व्यवस्था के संबंध में फीडबैक भी लिया। उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, त्वरित उपचार और संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, नगर पालिका अध्यक्ष टनकपुर विपिन कुमार, ब्लॉक प्रमुख चम्पावत अंचला बोहरा, विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, नोडल अधिकारी मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय केदार सिंह बृजवाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News