Nirbhik Nazar

देहरादून में गैस वितरण की नई व्यवस्था लागू, अब सिर्फ होम डिलीवरी से मिलेगा सिलिंडर

देहरादून। देहरादून में गैस सिलिंडर लेने के लिए गोदाम और गैस एजेंसियों पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने नई व्यवस्था लागू कर दी है। अब उपभोक्ताओं को गोदाम या एजेंसी से सीधे सिलिंडर नहीं मिलेगा, बल्कि केवल होम डिलीवरी के माध्यम से ही रसोई गैस उपलब्ध कराई जाएगी।

जिला प्रशासन के निर्देश पर देर शाम अपर जिलाधिकारी की ओर से आदेश जारी किए गए। प्रशासन का कहना है कि गैस गोदामों और एजेंसियों के बाहर लग रही लंबी लाइनों के कारण उपभोक्ताओं को काफी परेशानी हो रही थी, इसलिए यह निर्णय लिया गया है।

नई व्यवस्था के अनुसार, गैस एजेंसी के गोदामों से उपभोक्ताओं को सीधे सिलिंडर नहीं दिया जाएगा। यदि कोई उपभोक्ता ऑनलाइन माध्यम से गैस बुक नहीं कर पा रहा है, तो वह एजेंसी पर जाकर बुकिंग करा सकता है, लेकिन सिलिंडर की आपूर्ति केवल घर-घर होम डिलीवरी के जरिए ही की जाएगी।

इसके अलावा गैस एजेंसियों पर वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और किसी प्रकार की कालाबाजारी रोकने के लिए जिला प्रशासन ने निगरानी भी बढ़ा दी है। जिले की 70 गैस एजेंसियों पर निगरानी के लिए 30 अधिकारियों को नामित किया गया है। ये अधिकारी नियमित रूप से व्यवस्था की निगरानी करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी न हो।

प्रशासन का कहना है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य उपभोक्ताओं को राहत देना और गैस वितरण प्रणाली को पारदर्शी व व्यवस्थित बनाना है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News