Skip to main content

Nirbhik Nazar

CM धामी ने हरिद्वार में लिया कुंभ 2027 की तैयारियों का जायज़ा, अधिकारियों को दिए समय से काम पूरा करने के निर्देश

हरिद्वार: पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हरिद्वार का दौरा कर कुंभ मेला 2027 की तैयारियों की प्रगति की समीक्षा की। डामकोठी में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अगले वर्ष आयोजित होने वाले कुंभ मेले के दिव्य और भव्य आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कुंभ जैसे विराट आयोजन में किसी भी स्तर पर कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ कार्य करते हुए तय समय में तैयारियां पूरी करें। उन्होंने कहा कि साधु-संतों, धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों और सभी हितधारकों के सहयोग से कुंभ मेले का सुव्यवस्थित और भव्य आयोजन सुनिश्चित किया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि कुंभ मेले से जुड़े कार्यों के लिए धनराशि की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी और प्रस्तावित कार्यों के लिए आवश्यक स्वीकृतियां शीघ्र जारी की जाएंगी। इस संबंध में मुख्यमंत्री ने बैठक के दौरान दूरभाष पर आनंद बर्धन से वार्ता कर शासन स्तर पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए।

आधारभूत सुविधाओं के कार्यों की समीक्षा

मुख्यमंत्री ने सड़क, पुल, पेयजल, स्वास्थ्य, यातायात और पार्किंग व्यवस्था से जुड़े स्थायी कार्यों की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी चारधाम यात्रा, वर्षाकाल और कांवड़ यात्रा को ध्यान में रखते हुए सभी प्रमुख परियोजनाओं के क्रियान्वयन की रणनीति तैयार की जाए।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने आधुनिक तकनीक से सुसज्जित इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर की स्थापना को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। इसके लिए आवश्यक स्वीकृति जल्द जारी की जाएगी।

पुल और अन्य परियोजनाओं को प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने मेला नियंत्रण भवन के पास प्रस्तावित सीसीआर-2 भवन परियोजना की समीक्षा करते हुए इसे शीघ्र वित्तीय स्वीकृति देने के निर्देश दिए। साथ ही श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए खड़खड़ी पुल और श्रीयंत्र पुल से जुड़ी योजनाओं को भी प्राथमिकता देने को कहा।

उन्होंने ऋषिकेश और मुनीकीरेती सहित कुंभ क्षेत्र के सभी सेक्टरों में बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता और सीवरेज प्रबंधन के कार्यों पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही डामकोठी अतिथिगृह के विस्तार के लिए आधुनिक अतिथिगृह निर्माण की योजना तैयार करने के निर्देश भी दिए।

33 स्थायी योजनाओं पर काम जारी

बैठक में मेलाधिकारी सोनिका ने बताया कि कुंभ मेला 2027 के अंतर्गत सड़कों, पुलों, घाटों के निर्माण, जलापूर्ति, चिकित्सा, सुरक्षा और मेला प्रबंधन से जुड़ी 33 स्थायी योजनाएं वर्तमान में निर्माणाधीन हैं और सभी परियोजनाओं पर तय समयसीमा के अनुसार कार्य प्रगति पर है।

उन्होंने बताया कि मनसा देवी मंदिर और चंडी देवी मंदिर के मार्गों के सुधार की योजना को भी स्वीकृति प्रदान की गई है।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, नगर निगम हरिद्वार की मेयर किरण जैसल, रुड़की मेयर अनीता अग्रवाल, विधायक मदन कौशिक, आदेश चौहान, प्रदीप बत्रा, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News