Skip to main content

Nirbhik Nazar

कैंचीधाम में जाम से मिलेगी राहत: मुख्य सचिव ने भवाली-रातिघाट बाईपास का किया निरीक्षण, जून से पहले चालू करने के निर्देश

नैनीताल। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने नैनीताल जनपद के भ्रमण के दौरान कैंचीधाम क्षेत्र में लगने वाले जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए बन रहे भवाली-रातिघाट बाईपास, भवाली बाईपास और श्री कैंचीधाम मंदिर क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पर्यटन सीजन से पहले बाईपास को चालू किया जाए।

मुख्य सचिव ने कैंचीधाम बाईपास (सैनिटोरियम-रातिघाट) मार्ग का निरीक्षण करते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में तेजी लाकर जून माह से पहले इस मार्ग पर यातायात सुचारू किया जाए।

पर्यटन सीजन से पहले चालू होगा बाईपास

मुख्य सचिव ने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि जब तक स्थायी मोटर पुल का निर्माण पूरा नहीं हो जाता, तब तक अस्थायी व्यवस्था के तहत वैली ब्रिज स्थापित कर यातायात शुरू कराया जाए। इससे पर्यटन सीजन के दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों को राहत मिलेगी।

उन्होंने कहा कि कैंचीधाम मंदिर में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। ऐसे में बेहतर यातायात व्यवस्था और जाम से निजात दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है।

18.15 किमी बाईपास का निर्माण जारी

लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता पी.एस. बृजवाल ने बताया कि भवाली से सैनिटोरियम से रातीघाट तक 18.15 किमी लंबे बाईपास में से लगभग 8 किमी मार्ग का निर्माण पूरा हो चुका है, जहां यातायात सुचारू है। शेष 10.15 किमी हिस्से में पहाड़ कटिंग और सुरक्षात्मक कार्य तेजी से किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि इस मार्ग को भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने के लिए 74.15 मीटर स्पान का मोटर पुल भी बनाया जा रहा है, जिसका निर्माण कार्य प्रगति पर है।

कैंचीधाम में पार्किंग और पर्यटन सुविधाओं पर जोर

मुख्य सचिव ने कैंचीधाम मंदिर परिसर में चल रहे पर्यटन विकास और सौंदर्यीकरण कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने और वाहनों के प्रवेश-निकास के लिए अलग-अलग गेट बनाने के निर्देश दिए।

यहां मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत लगभग 40 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बहुमंजिला पार्किंग, मेडिटेशन सेंटर, पाथवे और पैदल पुल का निर्माण किया जा रहा है। वहीं स्वदेश दर्शन योजना के तहत लगभग 17 करोड़ रुपये से फैसिलिटेशन सेंटर और अन्य सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।

नैनीताल मालरोड के भू-धसाव कार्यों का भी निरीक्षण

मुख्य सचिव ने नैनीताल के लोअर मालरोड में झील की ओर से हो रहे भू-धसाव को रोकने के लिए किए जा रहे 3.48 करोड़ रुपये के सुरक्षात्मक कार्यों का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समय पर काम पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी मंजूनाथ टीसी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News