देहरादून: देश के चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी ने चुनावी राज्यों में प्रचार अभियान को मजबूत करने के लिए उत्तराखंड के नेताओं और कार्यकर्ताओं को अहम जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
पार्टी की रणनीति के तहत पुष्कर सिंह धामी भी जल्द ही चुनावी राज्यों में रैलियां और रोड शो कर बीजेपी के पक्ष में माहौल बनाने के लिए मैदान में उतरेंगे।
पश्चिम बंगाल में सक्रिय हैं धन सिंह रावत
उत्तराखंड बीजेपी के अनुसार, कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत पिछले कुछ महीनों से पश्चिम बंगाल में संगठन को मजबूत करने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं। उनके साथ बीजेपी युवा मोर्चा की टीम भी लगातार जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने में जुटी हुई है।
धामी करेंगे जनसभाएं और रोड शो
सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पश्चिम बंगाल, असम और केरल में प्रचार की जिम्मेदारी दी गई है। यहां वह जनसभाएं और रोड शो के जरिए पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश करेंगे।
धामी का प्रचार बीजेपी के लिए रहा है फायदेमंद
हाल के चुनावों में धामी का प्रचार बीजेपी के लिए लाभदायक माना गया है। बिहार, हरियाणा और दिल्ली जैसे राज्यों में उनके प्रचार अभियान के दौरान पार्टी को सकारात्मक परिणाम मिले थे। इसी को देखते हुए केंद्रीय नेतृत्व ने इस बार भी उन पर भरोसा जताया है।
अन्य नेताओं को भी मिलेगी जिम्मेदारी
पार्टी सूत्रों के मुताबिक उत्तराखंड के अन्य नेताओं और मंत्रियों को भी चरणबद्ध तरीके से चुनावी राज्यों में भेजा जाएगा। शुरुआती दौर में बीजेपी युवा मोर्चा की टीमें पश्चिम बंगाल, असम और केरल में सक्रिय हो चुकी हैं।
बीजेपी उत्तराखंड के महामंत्री कुंदन परिहार का कहना है कि उत्तराखंड के कार्यकर्ताओं की कार्यशैली को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा जाता है, इसलिए उन्हें लगातार दूसरे राज्यों के चुनावों में जिम्मेदारी दी जाती है।
बता दें कि असम, केरल और पुडुचेरी में 9 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि तमिलनाडु में 23 अप्रैल को वोटिंग होगी। वहीं पश्चिम बंगाल में 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में मतदान होना है।