Nirbhik Nazar

रक्षा मंत्री के नैनीताल दौरे से पहले ट्रैफिक व्यवस्था बदली, कई मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध

हल्द्वानी: केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के 21 मार्च को प्रस्तावित नैनीताल दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। वीवीआईपी कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं और यातायात का विशेष योजना तैयार की है।

जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने सभी पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम को देखते हुए कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह ड्यूटी अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

पुलिस ने 19 से 22 मार्च तक रात 11 बजे से 1 बजे तक विशेष गश्त और जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और सभी गतिविधियों की सूचना नियंत्रण कक्ष को देना अनिवार्य रहेगा। इसके अलावा सुबह 5 से 7 बजे तक संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विशेष अभियान भी चलाया जाएगा।

धार्मिक स्थलों जैसे मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा और चर्च के आसपास भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हेलीपैड से कार्यक्रम स्थल तक बम निरोधक दस्ते की मदद से गहन जांच की जाएगी। वहीं होटलों, लॉज और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सत्यापन अभियान भी चलाया जाएगा।

वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए कई मार्गों पर डायवर्जन लागू रहेगा। हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले भारी और छोटे वाहनों को भीमताल मोड़ काठगोदाम से ज्योलीकोट, गेठिया और भवाली नए बाईपास मार्ग से भेजा जाएगा। वहीं पर्वतीय क्षेत्रों से हल्द्वानी आने वाले वाहनों को भी इसी मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा।

भीमताल मार्ग पर वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान यातायात पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा और कुछ समय के लिए इस मार्ग को जीरो जोन घोषित किया जाएगा। पिथौरागढ़ और चम्पावत की ओर से आने वाले वाहनों को वीवीआईपी मूवमेंट से लगभग 15 मिनट पहले खुटानी मोड़ के पास रोका जाएगा और वीवीआईपी काफिले के गुजरने के बाद ही आगे जाने दिया जाएगा।

पार्किंग व्यवस्था के तहत अधिकारियों के वाहनों की पार्किंग घोड़ाखाल सैनिक स्कूल के भोजनालय के पास स्थित मैदान में की जाएगी, जबकि आम जनता के वाहनों के लिए घोड़ाखाल मंदिर के पास स्थित मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करें और यात्रा के दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। 🚨

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News