Skip to main content

Nirbhik Nazar

धामी सरकार के 4 साल पूरे, 401.86 करोड़ की 74 विकास योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास

देहरादून: उत्तराखंड में पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल के चार साल पूरे कर लिए हैं। इस मौके पर राज्यभर में तीन दिवसीय कार्यक्रमों की शुरुआत की गई। देहरादून के परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित मुख्य कार्यक्रम उत्तराखंड सरकार के चार साल बेमिसाल के दौरान मुख्यमंत्री ने 401.86 करोड़ रुपये की लागत वाली कुल 74 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने शहर में रोड शो भी किया। इस दौरान कृषि मंत्री गणेश जोशी भी उनके साथ खुली जिप्सी में मौजूद रहे और लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। कार्यक्रम में कई मंत्री, विधायक और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इन प्रमुख योजनाओं का हुआ लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इनमें नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत सपेरा बस्ती में आईएंडडी और 15 एमएलडी एसटीपी निर्माण कार्य शामिल है, जिसकी लागत लगभग 7,898.74 लाख रुपये है। इसके अलावा 2,846 लाख रुपये की लागत से आराघर चौक से मोथरोवाला तक ट्रंक सीवर बिछाने की योजना, 1,903.59 लाख रुपये की लागत से सहारनपुर चौक से पथरीबाग चौक तक ट्रंक सीवर लाइन योजना और 1,860.04 लाख रुपये की लागत से इंदिरानगर आवास विकास कॉलोनी क्षेत्र की जल निकासी पुनर्गठन योजना का भी लोकार्पण किया गया।

इन योजनाओं का किया गया शिलान्यास

मुख्यमंत्री ने कई नई योजनाओं का शिलान्यास भी किया। इनमें साकेत कॉलोनी और कैनाल रोड क्षेत्र के लिए 905.20 लाख रुपये की लागत से सीवरेज योजना, मसूरी विधानसभा क्षेत्र के सेरकी और घन्तू का सेरा गांव में बांदल नदी के तट पर बाढ़ सुरक्षा योजनाएं, डोईवाला क्षेत्र के कुड़कावाला बस्ती और जाखन नदी के तट पर स्थित अठूरवाला (सुनार गांव) में बाढ़ सुरक्षा कार्य शामिल हैं।

राज्यभर में होंगे कार्यक्रम

सरकार के चार साल पूरे होने पर जन-जन की सरकार, चार साल बेमिसाल थीम के तहत राज्यभर में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। ये कार्यक्रम 23 मार्च से 25 मार्च तक चलेंगे और इनका लाइव प्रसारण भी किया जा रहा है। कार्यक्रम में स्कूल और कॉलेज के छात्रों की भी भागीदारी देखने को मिली।

कार्यक्रम स्थल पर स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा

कार्यक्रम स्थल पर स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी लगाया गया है, जहां टीकाकरण, दिव्यांग प्रमाण पत्र और सहायक उपकरण वितरण की सुविधा दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने परेड ग्राउंड से ही वर्चुअल माध्यम से राज्य की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था कड़ी

कार्यक्रम के मद्देनजर देहरादून में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया। परेड ग्राउंड के आसपास के क्षेत्र को जीरो जोन घोषित किया गया और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।

खटीमा से हार, चंपावत से जीते थे धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्ष 2022 में दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उस समय वे खटीमा सीट से चुनाव हार गए थे, लेकिन बाद में चंपावत सीट से उपचुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News