देहारादून: बीजेपी ने सल्ट विधानसभा उपचुनाव के लिए स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। हैरत की बात यह रही कि इस सूची में पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का नाम शामिल नहीं था । स्टार प्रचारकों की सूची में उत्तराखंड बीजेपी अध्यक्ष मदन कौशिक, मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, दुष्यंत कुमार गौतम, रेखा अरुण वर्मा, केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक समेत 30 पार्टी नेताओं को जगह दी गई थी। हालांकि विपक्षी पार्टियों द्वारा उठाए गए सवाल और त्रिवेन्द्र खेमे की नाराजगी के बाद देर शाम उत्तराखंड बीजेपी मीडिया प्रभारी मानवीर सिंह चौहान द्वारा मीडिया को बताया गया की पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत और पूर्व मुख्यमंत्री उत्तराखंड विजय बहुगुणा का नाम भी स्टार प्रचारको की सूची मे शामिल है । आगे मानवीर चौहान ने बताया की त्रुटिवश दोनों नाम सूची मे प्रिंट होने से छूट गए थे ।
सल्ट सीट विधायक सुरेंद्र सिंह जीना के निधन से खाली हुई थी। अब इस सीट पर बीजेपी ने उनके बड़े भाई महेश जीना को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। सल्ट में महेश जीना को टिकट देकर बीजेपी सहानुभुति कार्ड का तीसरी बार दांव खेलेगी। इससे पहले बीजेपी विधायक मगन लाल शाह के निधन पर उनकी पत्नी मुन्नी देवी शाह और मंत्री प्रकाश पंत के निधन पर उनकी पत्नी चंद्रा पंत को चुनाव लड़वा चुकी है।