देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जौलीग्रांट एयरपोर्ट से देहरादून–पिथौरागढ़–देहरादून विमान सेवा का शुभारंभ किया। यह सेवा उत्तराखंड हवाई संपर्क योजना के तहत शुरू की गई है, जिससे खासतौर पर पर्वतीय और सीमांत क्षेत्रों के यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही यह सेवा गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के बीच आवागमन को भी आसान बनाएगी।
मुख्यमंत्री ने रामनवमी के अवसर पर 42 सीटों वाले विमान को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि इस सेवा के शुरू होने से पिथौरागढ़ से देहरादून की दूरी अब मात्र एक घंटे में तय की जा सकेगी। उन्होंने इसे सामरिक और आर्थिक दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय ऐसा था जब हवाई यात्रा केवल संपन्न और विशिष्ट वर्ग तक सीमित मानी जाती थी, लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आम नागरिक भी हवाई यात्रा कर रहा है। वर्ष 2016 में शुरू की गई उड़ान योजना के माध्यम से छोटे शहरों और दूरस्थ क्षेत्रों को हवाई नेटवर्क से जोड़ने का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार ने हाल ही में उड़ान योजना 2.0 को मंजूरी दी है, जिसके तहत अगले दस वर्षों में लगभग 29 हजार करोड़ रुपये की लागत से 100 नए हवाई अड्डे और 200 नए हेलीपैड विकसित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य टियर-2 और टियर-3 शहरों के साथ-साथ पहाड़ी क्षेत्रों में सस्ती और सुगम हवाई सेवाएं उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य के लिए हवाई सेवाएं केवल परिवहन का साधन नहीं बल्कि जीवन रेखा बन चुकी हैं। दुर्गम क्षेत्रों में जरूरी सामग्री पहुंचाने और गंभीर मरीजों को त्वरित उपचार के लिए बड़े अस्पतालों तक पहुंचाने में हवाई सेवाएं बेहद कारगर साबित हो रही हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान में उड़ान योजना के अंतर्गत राज्य में 26 हवाई मार्गों पर संचालन हो रहा है। इसके अलावा वर्ष 2023 में “उत्तराखंड एयर कनेक्टिविटी योजना” शुरू की गई, जिसके तहत छह हवाई मार्गों पर नियमित उड़ानें संचालित की जा रही हैं। पिछले चार वर्षों में प्रदेश में हेलिपोर्ट की संख्या दो से बढ़कर 12 हो गई है, जबकि हेलीपैड की संख्या 60 से बढ़कर 118 हो चुकी है। राज्य को “बेस्ट स्टेट फॉर प्रमोशन ऑफ एविएशन इकोसिस्टम” का राष्ट्रीय सम्मान भी मिल चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून–पिथौरागढ़ हवाई सेवा शुरू होने से सीमांत जिले पिथौरागढ़ की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि पिथौरागढ़ और मुनस्यारी के बीच भी हेली सेवा शुरू की जा चुकी है। साथ ही पिथौरागढ़ हवाई अड्डे को 450 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जा रहा है।
इस अवसर पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने वीडियो संदेश के माध्यम से देहरादून–पिथौरागढ़ विमान सेवा के लिए शुभकामनाएं दीं और राज्य में हवाई सुविधाओं के विस्तार का भरोसा दिलाया।