देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के विकास के लिए केंद्र सरकार से मिल रहे सहयोग और मार्गदर्शन के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया और उन्हें उत्तराखंड आने का निमंत्रण भी दिया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को टिहरी जिले में स्थित शक्तिपीठ मां सुरकंडा देवी की प्रतिकृति, बदरी गाय का घी, राज्य के अलग-अलग जिलों से मंगाई गई पांच प्रकार की राजमा और शहद भेंट किए।
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने हरिद्वार में प्रस्तावित कुंभ 2027 की तैयारियों, चारधाम यात्रा और राज्य की विभिन्न विकास परियोजनाओं के बारे में प्रधानमंत्री को जानकारी दी। उन्होंने पर्यटन, साहसिक पर्यटन, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और सीमांत क्षेत्रों के विकास से जुड़ी योजनाओं की भी जानकारी साझा की।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को उत्तराखंड दौरे का निमंत्रण देते हुए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास का भी प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से राज्य के विकास को नई गति मिलेगी और पर्यटन, रोजगार तथा आधारभूत सुविधाओं में भी बढ़ोतरी होगी।