Nirbhik Nazar

चारधाम यात्रा के लिए ग्रीन कार्ड प्रणाली शुरू, पहले दिन 34 वाहनों को मिली मंजूरी, मंत्री ने किया उदघाटन

हरिद्वार। आगामी 19 अप्रैल से शुरू होने वाली चारधाम यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए परिवहन विभाग ने ग्रीन कार्ड प्रणाली की शुरुआत कर दी है। परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने एआरटीओ कार्यालय रोशनाबाद में इस प्रणाली का शुभारंभ किया।

परिवहन मंत्री ने कहा कि ग्रीन कार्ड प्रणाली लागू होने से चारधाम यात्रा को गति मिलेगी और यात्रा में शामिल व्यावसायिक वाहनों की तकनीकी जांच सुनिश्चित की जा सकेगी। इससे यात्रियों की सुरक्षा भी मजबूत होगी और यात्रा अधिक व्यवस्थित ढंग से संचालित हो सकेगी।

उन्होंने बताया कि वाहन स्वामी परिवहन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ग्रीन कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। निर्धारित शुल्क जमा करने के बाद नजदीकी परिवहन कार्यालय में वाहन का तकनीकी निरीक्षण कराया जाएगा, जिसके बाद ग्रीन कार्ड जारी किया जाएगा।

परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने स्कूल बसों के किराये में वृद्धि के सवाल पर कहा कि अभी तक इस संबंध में कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। इस विषय पर 31 मार्च को बैठक बुलाई गई है, जिसमें बस किराया बढ़ाने को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों की सुविधा और बस संचालन की स्थिति को देखते हुए किराया तय किया जाएगा।

पहले दिन 34 वाहनों को मिला ग्रीन कार्ड
चारधाम यात्रा के लिए व्यावसायिक वाहनों के ग्रीन कार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू होते ही एआरटीओ कार्यालय में काफी चहल-पहल रही। पहले दिन करीब 34 वाहनों को ग्रीन कार्ड जारी किए गए। मंगलवार से ग्रीन कार्ड बनाने की प्रक्रिया नियमित रूप से जारी रहेगी।

इस दौरान अपर परिवहन आयुक्त सनत कुमार सिंह भी टीम के साथ एआरटीओ कार्यालय पहुंचे। कार्यालय परिसर में शांतिकुंज हरिद्वार के वेदपाठी ब्राह्मणों द्वारा हवन यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें विभागीय अधिकारियों ने आहुति दी। इसके बाद वाहन जांच कार्यालय का रिबन काटकर उद्घाटन किया गया। 📰

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News