काशीपुर। उधम सिंह नगर के काशीपुर में आयोजित चैती मेले के समापन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने मां बाल सुंदरी मंदिर के सौंदर्यीकरण और मंदिर परिसर के विकास की बड़ी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
मुख्यमंत्री ने मां बाल सुंदरी मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद मंदिर परिसर में आयोजित भजन संध्या का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध भजन गायक लखवीर सिंह लख्खा ने भजनों की प्रस्तुति दी, जिसका श्रद्धालुओं ने आनंद लिया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घोषणा करते हुए कहा कि चैती मेला कोष की धनराशि से मां बाल सुंदरी मंदिर का सौंदर्यीकरण और मंदिर परिसर का व्यापक विकास किया जाएगा। उन्होंने चैती मेले में पहुंचे श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि यह मेला आस्था, संस्कृति और परंपरा का जीवंत प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि चैती मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि स्थानीय व्यापार, पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है। इससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और युवाओं के लिए नए अवसर पैदा होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। काशीपुर के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि काशीपुर में १३३ एकड़ भूमि पर इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर पार्क का निर्माण किया जा रहा है, जहां १६ औद्योगिक इकाइयों का आवंटन किया जा चुका है। इसके अलावा काशीपुर–रामनगर राजमार्ग को चार लेन में अपग्रेड करने के लिए ४९४ करोड़ रुपये से अधिक की स्वीकृति दी गई है। साथ ही तीन किलोमीटर लंबा मिनी बाईपास भी शुरू हो चुका है।
परिवहन सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए एआरटीओ कार्यालय और स्वचालित ड्राइविंग परीक्षण ट्रैक की भी शुरुआत की गई है। मुख्यमंत्री ने बताया कि लगभग १९५० करोड़ रुपये की लागत से पेयजल, सीवरेज, सड़क सुधार और सीवेज शोधन संयंत्र जैसे बड़े परियोजनाओं पर कार्य जारी है।
इसके अलावा ११०० करोड़ रुपये की औद्योगिक हब और १०० करोड़ रुपये की अरोमा पार्क परियोजना भी क्षेत्र के विकास को नई दिशा देगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार चैती मंदिर को मानसखंड कॉरिडोर से जोड़कर इसे एक प्रमुख धार्मिक और पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य कर रही है। इससे काशीपुर को आस्था और उद्योग दोनों के केंद्र के रूप में नई पहचान मिलेगी।
उन्होंने अपने संबोधन में प्रदेश में सख्त कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई और युवाओं को रोजगार देने की प्रतिबद्धता भी दोहराई। मुख्यमंत्री ने कहा कि समान नागरिक संहिता लागू कर उत्तराखंड ने पूरे देश में एक नई मिसाल पेश की है।