Nirbhik Nazar

बढ़ते अपराध पर CM धामी नाराज़, पुलिस शुरू करेगी ‘ऑपरेशन प्रहार’

देहरादून: राजधानी देहरादून में रोड रेज और फायरिंग की घटना में रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश कुमार जोशी की मौत के बाद पुलिस और प्रशासन सख्त हो गया है। मामले पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की नाराजगी के बाद अब देहरादून में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान ऑपरेशन प्रहार चलाया जाएगा।

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने देहरादून पुलिस को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में पुलिस मुख्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें शहर की कानून व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में आईजी गढ़वाल, आईजी एसटीएफ, एसएसपी देहरादून और एसएसपी एसटीएफ सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि शहर में आपराधिक गतिविधियों पर सख्ती से नियंत्रण किया जाए और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता बढ़ाई जाए।

अधिकारियों को दिए गए अहम निर्देश
बैठक में पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए। आईजी गढ़वाल को देहरादून की कानून व्यवस्था की रोजाना मॉनिटरिंग करने को कहा गया है। वहीं एसएसपी देहरादून को अधीनस्थ अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अलावा क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारियों को खुद फील्ड में सक्रिय रहने, चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने और बैरियरों पर सघन चेकिंग अभियान चलाने को कहा गया है। खासकर सुबह के समय पुलिस की गश्त और निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

किरायेदारों और पीजी का होगा सत्यापन
पुलिस महानिदेशक ने निर्देश दिए कि शहर में रहने वाले किरायेदारों और पीजी में रहने वालों का सघन सत्यापन अभियान चलाया जाए। साथ ही होम-स्टे में संचालित गतिविधियों की भी नियमित निगरानी की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पर रोक लगाई जा सके।

पब-बार पर भी होगी सख्ती
पुलिस ने तय समय के बाद खुले मिलने वाले पब, बार और रेस्टोरेंट के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित समय के बाद प्रतिष्ठान खुला पाए जाने पर सीधे मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

इसी को लेकर देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने शहर के पब, बार और रेस्टोरेंट संचालकों के साथ बैठक कर उन्हें नियमों का सख्ती से पालन करने की चेतावनी दी। संचालकों से कहा गया है कि अपने कर्मचारियों का शत-प्रतिशत सत्यापन कराएं और किसी भी विवाद की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

पुलिस ने मांगा सहयोग
पुलिस अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालकों से शहर का माहौल बेहतर बनाए रखने में सहयोग की अपील की है। साथ ही कहा गया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

राजधानी में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को देखते हुए पुलिस का यह विशेष अभियान आने वाले दिनों में शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News