Skip to main content

Nirbhik Nazar

देहरादून गोलीकांड पर सीएम धामी का बड़ा एक्शन, चौकी इंचार्ज और आबकारी निरीक्षक निलंबित

देहरादून: राजपुर थाना क्षेत्र में हुई गोलीबारी और रिटायर्ड ब्रिगेडियर की मौत के मामले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सख्त कार्रवाई की है। घटना पर नाराजगी जताते हुए मुख्यमंत्री ने मसूरी क्षेत्र-3 के उप आबकारी निरीक्षक सोबन सिंह और कुठालगेट चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अशोक कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को प्रदेशभर में सघन चेकिंग अभियान चलाने और हुड़दंग व अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

सीएम धामी ने यह भी कहा कि रोड रेज, फायरिंग की घटनाओं और देर रात तक चलने वाली अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जाए। उन्होंने पुलिस और प्रशासन को आम जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सख्ती से कार्रवाई करने को कहा।

क्या है पूरा मामला
बताया जा रहा है कि 30 मार्च की सुबह राजपुर थाना क्षेत्र के जोहड़ी गांव में स्थित एक नाइट क्लब में बिल को लेकर विवाद हो गया। यह विवाद बढ़ते-बढ़ते मारपीट और फिर फायरिंग तक पहुंच गया। आरोप है कि बिना नंबर प्लेट की स्कॉर्पियो में सवार कुछ युवकों ने ‘जेन जी क्लब’ से जुड़े लोगों की फॉर्च्यूनर कार पर गोलीबारी कर दी।

इस दौरान मॉर्निंग वॉक पर निकले 70 वर्षीय रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी गोलीबारी की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौत हो गई।

सीसीटीवी फुटेज आया सामने
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पुलिस ने मामले में एक पक्ष के तीन और दूसरे पक्ष के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि चार अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल अधिकांश आरोपी छात्र हैं।

जांच में यह भी सामने आया है कि संबंधित क्लब देर रात करीब 2:30 बजे तक खुला हुआ था और उस समय वहां कई छात्र मौजूद थे।

स्थानीय लोगों में आक्रोश
घटना के बाद इलाके में लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों के सामने कानून व्यवस्था को लेकर अपनी नाराजगी जताई और सख्त कार्रवाई की मांग की।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News