Nirbhik Nazar

उत्तराखंड पुलिस को मिला “राष्ट्रपति पुलिस कलर”, मुख्यमंत्री धामी ने दी बधाई

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड पुलिस को “राष्ट्रपति पुलिस कलर” से सम्मानित किए जाने पर खुशी व्यक्त की है। उन्होंने इसे राज्य के इतिहास का गौरवपूर्ण और ऐतिहासिक क्षण बताया है। मुख्यमंत्री से मुख्यमंत्री आवास में पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने मुलाकात कर उन्हें इस सम्मान की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सम्मान उत्तराखंड पुलिस को देश के उन चुनिंदा पुलिस बलों की श्रेणी में शामिल करता है, जिन्हें उत्कृष्ट सेवाओं के लिए यह सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान दिया जाता है। उन्होंने पुलिस महानिदेशक सहित सभी अधिकारियों और जवानों को इस उपलब्धि पर बधाई दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सम्मान केवल एक पुरस्कार नहीं है, बल्कि वर्षों की मेहनत, साहस, अनुशासन और देश सेवा के प्रति समर्पण का परिणाम है। पुलिस बल ने कानून व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, आंतरिक सुरक्षा और जन सुरक्षा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य किया है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद पुलिस बल ने हमेशा अपनी जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा के साथ निभाया है। आधुनिक तकनीक और बेहतर पुलिसिंग के माध्यम से जनता का विश्वास जीतने में भी उत्तराखंड पुलिस सफल रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2013 की केदारनाथ आपदा सहित विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं के दौरान उत्तराखंड पुलिस ने साहस और मानवता का परिचय देते हुए लोगों की मदद की। इसके साथ ही महाकुंभ, चारधाम यात्रा और कांवड़ यात्रा जैसे बड़े आयोजनों में सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन का सफल संचालन भी पुलिस की कार्यक्षमता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा, साइबर अपराध नियंत्रण, पर्यटन सुरक्षा और सामुदायिक पुलिसिंग जैसे क्षेत्रों में भी उत्तराखंड पुलिस लगातार बेहतर काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष में यह सम्मान मिलना उत्तराखंड के लिए गर्व की बात है। राज्य सरकार पुलिस बल के आधुनिकीकरण और उनके कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने कहा कि यह सम्मान उत्तराखंड पुलिस के प्रत्येक अधिकारी और जवान की मेहनत, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि भविष्य में और बेहतर कार्य करने के लिए पुलिस बल को प्रेरित करेगी।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News