Nirbhik Nazar

सीएम धामी ने किया 25वीं ऑल इंडिया पुलिस वाटर स्पोर्ट्स चैंपियनशिप का किया शुभारंभ, देशभर की 19 टीम कर रहीं प्रतिभाग

टिहरी गढ़वाल: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को टिहरी गढ़वाल स्थित वाटर स्पोर्ट्स एंड एडवेंचर इंस्टीट्यूट में आयोजित 25वीं ऑल इंडिया पुलिस वाटर स्पोर्ट्स क्लस्टर चैंपियनशिप का वर्चुअल शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से आए पुलिस बलों के खिलाड़ियों, अधिकारियों और खेल प्रेमियों का देवभूमि उत्तराखंड में स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के लिए यह बेहद गर्व का विषय है कि राज्य को पहली बार इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी का अवसर मिला है। उन्होंने अखिल भारतीय पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करते हैं और राज्य को साहसिक खेलों तथा पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में भी अहम भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में देशभर की 19 टीमों के 440 से अधिक महिला और पुरुष खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जो कैनोइंग, रोइंग और कयाकिंग की विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

मुख्यमंत्री धामी ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान देश की सुरक्षा, कानून व्यवस्था और जनविश्वास बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनका शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रहना बेहद जरूरी है। खेल न केवल फिटनेस बढ़ाते हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और कठिन परिस्थितियों में काम करने की क्षमता भी विकसित करते हैं।

उन्होंने कहा कि वाटर स्पोर्ट्स जैसे खेल आपदा प्रबंधन, बाढ़ राहत, नदी बचाव और तटीय सुरक्षा जैसे कार्यों में भी काफी उपयोगी साबित होते हैं। इन खेलों में दक्षता कई बार जीवन रक्षक बनती है और आपात परिस्थितियों में लोगों की जान बचाने में मदद करती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया और फिट इंडिया मूवमेंट जैसे अभियानों ने देश में खेल संस्कृति को मजबूत किया है और युवाओं में खेलों के प्रति नया उत्साह पैदा किया है। राज्य सरकार भी खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने हाल ही में 38वें राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन कर अपनी क्षमता साबित की है और अब राज्य देवभूमि के साथ-साथ खेलभूमि के रूप में भी तेजी से उभर रहा है। राज्य में आधुनिक खेल अवसंरचना का तेजी से विकास किया जा रहा है और भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इस तरह के आयोजन राज्य के विकास, पर्यटन को बढ़ावा देने और खेल प्रतिभाओं को आगे लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

इस अवसर पर विधायक किशोर उपाध्याय, जिला पंचायत अध्यक्ष टिहरी इशिता सजवान, नगर पालिका अध्यक्ष टिहरी गढ़वाल मोहन सिंह रावत, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, एडीजी आईटीबीपी संजय गुंज्याल, आईजी नॉर्दर्न फ्रंटियर आईटीबीपी मनु महाराज, आईजी सीआरपीएफ दिनेश उनियाल, आईजी आईटीबीपी एकेडमी गिरीश चंद्र उपाध्याय, जिलाधिकारी टिहरी नीतिका खण्डेलवाल और एसएसपी श्वेता चौबे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News