Skip to main content

Nirbhik Nazar

14 अप्रैल को पीएम मोदी करेंगे दिल्ली–देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का शुभारम्भ, सीएम धामी ने ली तैयारियों की समीक्षा बैठक

देहरादून। उत्तराखंड के लिए ऐतिहासिक माने जा रहे दिल्ली–देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर (दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे) के शुभारम्भ को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। आगामी 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री के उत्तराखंड दौरे के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में उच्चस्तरीय बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर को राज्य के इतिहास का महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक क्षण बताते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को भव्य और सुव्यवस्थित तरीके से आयोजित किया जाए तथा इसमें समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि यह आयोजन जन-उत्सव का रूप ले सके।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम की रूपरेखा आकर्षक और व्यवस्थित हो। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रमों को विशेष महत्व देते हुए कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत—गढ़वाली, कुमाऊनी और जौनसारी लोकनृत्य एवं संगीत की झलक इस आयोजन में दिखाई देनी चाहिए। कार्यक्रम स्थल को पारंपरिक और आधुनिक साज-सज्जा के साथ तैयार किया जाए तथा स्थानीय कलाकारों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों से भी इस ऐतिहासिक अवसर पर बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोग अपने घरों से निकलकर राष्ट्रीय ध्वज के साथ प्रधानमंत्री के रोड शो के दौरान कार्यक्रम में शामिल हों और पूरे राज्य में उत्सव जैसा माहौल बनाएं। साथ ही कार्यक्रम से पहले पूरे प्रदेश में स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए हैं, जिसमें जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली–देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर राज्य के विकास को नई दिशा देने वाली परियोजना साबित होगी। इसके बनने से दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा समय में काफी कमी आएगी, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही औद्योगिक और व्यापारिक गतिविधियों के विस्तार से युवाओं के लिए नए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।

उन्होंने कहा कि यह परियोजना लॉजिस्टिक्स, परिवहन और निवेश के क्षेत्र में भी बड़ा बदलाव लाएगी, जिससे उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री ने इसे राज्य के विकास के इतिहास में एक “स्वर्णिम अध्याय” बताया।

बैठक में राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट सहित सचिव शैलेश बगौली, कमिश्नर विनय शंकर पांडे, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून और अपर सचिव बंशीधर तिवारी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News