देहरादून। उत्तराखंड के जनपद टिहरी गढ़वाल के मदन नेगी में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को मंजूरी मिलने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा और स्थानीय स्तर पर शैक्षिक ढांचे को भी मजबूती मिलेगी।
केंद्रीय विद्यालय संगठन द्वारा मदन नेगी, टिहरी गढ़वाल में नए केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को मंजूरी दी गई है। यह विद्यालय सिविल सेक्टर के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 से संचालित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि केंद्रीय विद्यालय खुलने से मदन नेगी और आसपास के क्षेत्रों के नौनिहालों को बेहतर और आधुनिक शिक्षा मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर युवाओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जनपद टिहरी गढ़वाल के मदन नेगी में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को मंजूरी मिलने से क्षेत्र के बच्चों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा और स्थानीय शिक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
नए केंद्रीय विद्यालय का संचालन प्रारंभिक चरण में कक्षा 1 से कक्षा 5 तक किया जाएगा, जिसमें प्रत्येक कक्षा में एक-एक सेक्शन होगा। आवश्यकता और स्वीकृति के अनुसार आगामी वर्षों में कक्षाओं का विस्तार भी किया जाएगा। सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के 30 दिनों के भीतर प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
गौरतलब है कि केंद्र सरकार द्वारा देशभर में 85 नए केंद्रीय विद्यालय खोलने की स्वीकृति दी गई है। मदन नेगी, टिहरी गढ़वाल में स्थापित होने वाला यह विद्यालय भी उन्हीं स्वीकृत विद्यालयों में शामिल है। 📰📚