Nirbhik Nazar

चारधाम यात्रा से पहले सरकार अलर्ट, गैस आपूर्ति की रोजाना होगी समीक्षा – मुख्य सचिव  

देहरादून। प्रदेश में आगामी चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन को देखते हुए घरेलू और कमर्शियल एलपीजी गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सरकार सतर्क हो गई है। इसी क्रम में प्रमुख सचिव खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति एल. फैनई की अध्यक्षता में तेल कंपनियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य में गैस आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए।

बैठक में बताया गया कि अब सचिव खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति आनंद स्वरूप प्रतिदिन गैस आपूर्ति की समीक्षा करेंगे, ताकि प्रदेश में किसी भी तरह की कमी न होने पाए।

प्रमुख सचिव ने कहा कि मुख्य सचिव ने भी स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि घरेलू और कमर्शियल गैस की आपूर्ति में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए तेल कंपनियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखते हुए रोजाना स्थिति की निगरानी की जाएगी।

बैठक में तेल कंपनियों को निर्देश दिया गया कि राज्य में गैस की बढ़ती मांग को देखते हुए प्रतिदिन पर्याप्त मात्रा में आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। वर्तमान में आपूर्ति बढ़ाते हुए लगभग 60 हजार घरेलू सिलेंडर और 6 हजार कमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही बैकलॉग खत्म करने के लिए अतिरिक्त आपूर्ति करने और इसकी दैनिक रिपोर्ट देने को कहा गया।

तेल कंपनियों ने जानकारी दी कि 7 अप्रैल 2026 को राज्य में कुल 65,944 घरेलू सिलेंडर और 3,864 कमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति की गई। इनमें आईओसीएल द्वारा 48,218 घरेलू और 2,340 कमर्शियल सिलेंडर, बीपीसीएल द्वारा 11,731 घरेलू और 698 कमर्शियल सिलेंडर तथा एचपीसीएल द्वारा 5,995 घरेलू और 826 कमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति की गई। अधिकारियों के अनुसार पिछले कुछ दिनों की तुलना में गैस आपूर्ति में लगातार सुधार देखा जा रहा है।

प्रमुख सचिव ने निर्देश दिए कि चारधाम यात्रा को देखते हुए गैस आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जाए। विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में नेटवर्क और वितरण से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। तेल कंपनियों को निर्देशित किया गया कि राज्य की बढ़ती मांग के अनुसार आपूर्ति बढ़ाने के लिए उच्च स्तर पर आवश्यक कदम उठाए जाएं।

उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि अब प्रतिदिन शाम 5 बजे सचिव खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें तेल कंपनियों के प्रतिनिधि पूरी जानकारी के साथ शामिल होंगे।

सचिव खाद्य आनंद स्वरूप ने बताया कि 14 अप्रैल 2026 को प्रधानमंत्री का देहरादून दौरा प्रस्तावित है, जबकि 19 अप्रैल से चारधाम यात्रा शुरू हो रही है। इसे देखते हुए तेल कंपनियों को अग्रिम योजना बनाकर गैस आपूर्ति बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में अपर आयुक्त पीएस पांगती, आईओसीएल के डिविजनल हेड स्वर्ण सिंह, एचपीसीएल के चीफ रीजनल मैनेजर पंकज अंबलढगे और बीपीसीएल के मैनेजर अश्वनी कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई जारी

सचिव खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति आनंद स्वरूप ने बताया कि प्रदेश में एलपीजी और ईंधन से जुड़ी अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए सघन प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। अब तक 6280 निरीक्षण और 423 छापेमारी की जा चुकी है।

अभियान के दौरान 19 एफआईआर दर्ज की गईं और 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के तहत प्रदेशभर में 1118 गैस सिलेंडर जब्त किए गए, जिनमें 946 घरेलू और 172 कमर्शियल सिलेंडर शामिल हैं।

इसके अलावा एक वाहन, तीन फिलिंग किट और एक कांटा भी जब्त किया गया है। देहरादून में सबसे ज्यादा 288 गैस सिलेंडर और 139 किलोग्राम गैस जब्त की गई, जबकि हरिद्वार, नैनीताल, उधमसिंहनगर, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चंपावत और बागेश्वर समेत अन्य जिलों में भी कार्रवाई की गई। अभियान के तहत 1,31,900 रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया है।

सचिव आनंद स्वरूप ने कहा कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पर शून्य सहनशीलता नीति के तहत कड़ी कार्रवाई की जाए।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News