Nirbhik Nazar

उत्तराखंड में कांग्रेस का बड़ा दावा: कई बड़े नेता संपर्क में, जल्द ज्वाइनिंग—कुमारी शैलजा

हरिद्वार: उत्तराखंड कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने बड़ा दावा करते हुए कहा है कि प्रदेश के कई जमीनी और वरिष्ठ नेता पार्टी के संपर्क में हैं और जल्द ही कांग्रेस में शामिल होंगे। उन्होंने संकेत दिए कि आने वाले समय में ज्वाइनिंग का सिलसिला लगातार जारी रहेगा।

हरिद्वार के खड़खड़ी स्थित जयराम आश्रम में कार्यकर्ताओं की बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में शैलजा ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर फीडबैक लिया जा रहा है और संगठन को मजबूत करने की दिशा में काम जारी है। उन्होंने दावा किया कि इस बार जनता और कार्यकर्ताओं में कांग्रेस के प्रति खासा उत्साह है।

बीजेपी सरकार पर साधा निशाना
कुमारी शैलजा ने बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार चरम पर है, बेरोजगारी बढ़ रही है और पलायन तेजी से हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं और दलितों पर अत्याचार बढ़े हैं, जिससे जनता में असंतोष है।

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के बयान पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी नेताओं की भाषा देश की संस्कृति और राजनीति के अनुरूप नहीं है और जनता इसका जवाब देगी।

गुटबाजी पर भी दिया जवाब
शैलजा ने कहा कि कांग्रेस में किसी प्रकार की गुटबाजी नहीं है और यदि कहीं नाराजगी है तो उसे पार्टी फोरम के माध्यम से दूर किया जाएगा। उन्होंने भरोसा जताया कि कांग्रेस मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी और जीत दर्ज करेगी।

कार्यक्रम में जेबकतरे सक्रिय
कार्यक्रम के दौरान भीड़ में जेबकतरों ने कई लोगों को निशाना बनाया। एक पत्रकार के 14 हजार रुपये, कांग्रेस नेता मोहित गर्ग और पार्षद हिमांशु गुप्ता के 5-5 हजार रुपये चोरी हो गए। हालांकि, एक संदिग्ध को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।

हरीश रावत को लेकर क्या बोले नेता?
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत नाराज नहीं हैं और समय-समय पर पार्टी को मार्गदर्शन देते रहते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एकजुट होकर चुनाव लड़ेगी।

जल्द होगा पीसीसी गठन
यशपाल आर्य ने बताया कि जल्द ही उत्तराखंड में प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) का गठन किया जाएगा और कमजोर इकाइयों को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News